
अमृतसर, 27 फरवरी(राजन):पंजाब सरकार के पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभाग द्वारा अमृतसर के रणजीत एवेन्यू मैदान में आयोजित तीन दिवसीय रंगला पंजाब उत्सव का आज पूर्ण शानो-शौकत के साथ शुभारंभ हो गया। इस उत्सव का उद्घाटन राज्य के लोक निर्माण मंत्री स हरभजन सिंह ईटीओ द्वारा किया गया। इस अवसर पर अमृतसर पूर्व की विधायक जीवनजोत कौर, अमृतसर पश्चिम के विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू, पनसप के चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़, जिला योजना कमेटी के चेयरमैन गुर प्रताप सिंह संधू, पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के वाइस चेयरमैन जसकरण सिंह बंदेसा, पर्यटन विभाग के निदेशक संजीव कुमार तिवाड़ी, अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) रोहित गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास) रुपिंदर पाल सिंह, एस.डी.एम. अलका कालिया, गुरमंदर सिंह के अतिरिक्त कैबिनेट मंत्री की धर्मपत्नी सुरिंदर कौर, बलविंदर कौर, जिला टूरिज्म अफसर सुखमन सिंह, जी एन डी यू के लोक संपर्क निदेशक परवीन पुरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

रंगला पंजाब उत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री स हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि इस तीन दिवसीय उत्सव का मुख्य उद्देश्य पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, रहन-सहन और पारंपरिक खान-पान को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि रंगला पंजाब उत्सव में पंजाब की विविध सांस्कृतिक झलकियां एक ही मंच पर देखने को मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाबी संस्कृति विश्व की सबसे समृद्ध और जीवंत संस्कृतियों में से एक है, जो अपने विशिष्ट रहन-सहन, स्वादिष्ट खान-पान, लोक नृत्यों जैसे भांगड़ा और गिद्धा तथा भाईचारे की भावना के लिए जानी जाती है। इसकी पारंपरिक कलाएं, बोलियां और अतिथि सत्कार देश-विदेश में प्रसिद्ध हैं।

पर्यटन विभाग के निदेशक संजीव तिवाड़ी ने बताया कि यह उत्सव 1 मार्च 2026 की देर शाम तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह उत्सव पंजाब, पंजाबी और पंजाबी संस्कृति को समर्पित है, जिसमें राज्य की सांस्कृतिक विरासत, रहन-सहन और पारंपरिक व्यंजनों की सुंदर झलक देखने को मिलती है।
उत्सव के दौरान आकर्षक क्राफ्ट बाजार लगाया गया है, जहां दुकानदार पारंपरिक पंजाबी हस्तशिल्प और अन्य वस्तुओं की बिक्री कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त फूड कोर्ट में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के लगभग 30 स्टॉल लगाए गए हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष झूलों की भी व्यवस्था की गई है। साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा भी अपने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
तीनों शामों में पंजाब के प्रसिद्ध गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। लोक नृत्य गिद्धा और भांगड़ा की रंगारंग प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
27 फरवरी की शाम को पहले दिन प्रसिद्ध लोक गायक विरासत संधू, जसपिंदर नरूला और जैजी बी द्वारा प्रस्तुति दी जा रही है। दूसरे दिन मीट कौर, कौर बी और कुलविंदर बिल्ला अपनी गायकी प्रस्तुत करेंगे। अंतिम दिन हरजीत हरमन, बाणी संधू और मनमोहन वारिस अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। दर्शकों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
28 फरवरी और 1 मार्च की शाम को आकर्षक ड्रोन शो भी आयोजित किया जाएगा
निदेशक पर्यटन ने बताया कि इस उत्सव में आम जनता का प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क है। उन्होंने जिला वासियों सहित समस्त पंजाबवासियों से अपील की कि वे अमृतसर के रणजीत एवेन्यू मैदान में आयोजित इस रंगला पंजाब उत्सव में पहुंचकर पंजाब, पंजाबी और पंजाबी संस्कृति की अद्भुत झलक का आनंद अवश्य लें।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News