
अमृतसर, 17 अप्रैल(राजन):अमृतसर का दबुर्जी (गोल्डन गेट) फ्लाईओवर, जो फिलहाल चालू हालत में है और जिस पर यातायात भी जारी है, अब विवादों में घिर गया है। अमृतसर से लोकसभा सांसद गुरजीत सिंह औजला ने इस बने हुए और कार्यरत फ्लाईओवर की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर विजिलेंस जांच की मांग की है।
सांसद औजला ने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसकी मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला पहले भी अधिकारियों के ध्यान में लाया गया था, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया।
सांसद औजला ने चिंता जताई कि चालू होने के बावजूद फ्लाईओवर की संरचना कमजोर नजर आ रही है ओर जगह जगह खड्डे हैं जो भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। अमृतसर जैसे व्यस्त शहर में इस प्रकार की लापरवाही हजारों लोगों की जान जोखिम में डाल सकती है।
सांसद ने यह भी कहा कि संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार की कार्यप्रणाली लापरवाही और कर्तव्य की अनदेखी को दर्शाती है, साथ ही इसमें भ्रष्टाचार की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने दोषपूर्ण निर्माण कार्य को जारी रखना पूरी तरह अस्वीकार्य बताया।
अपने पत्र में औजला ने केंद्र सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं।
1. पूरे प्रोजेक्ट की तत्काल विजिलेंस जांच करवाई जाए।
2. दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
3. फ्लाईओवर का तुरंत तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, जरूरत पड़ने पर इसे अस्थायी रूप से बंद भी किया जाए।
सांसद औजला ने केंद्र सरकार से इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News