कैंप वाले दिन सभी बी.एल.ओ. अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की सहायता करें

अमृतसर, 5 जून :भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के तहत जिला अमृतसर में कुल 19,71,604 मतदाताओं में से अब तक 17,38,253 मतदाताओं (88.16 प्रतिशत) की वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ सफलतापूर्वक मैपिंग की जा चुकी है। जिले के शेष 2,33,351 अनमैप्ड मतदाताओं को कवर करने के लिए प्रयास जारी हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-उपायुक्त अमृतसर दलविंदरजीत सिंह, आई.ए.एस. ने बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के निर्देशों के तहत वर्तमान मतदाताओं की वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मैपिंग के कार्य को तेज़ी से पूरा करने के लिए जिला अमृतसर में 7 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक एक विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बताया कि कैंप वाले दिन सभी बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे तथा मतदाताओं की सहायता करेंगे। वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर मतदाताओं की मैपिंग की सुविधा का लाभ उठाने के लिए नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर इस प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीमती आनंदिता मित्रा 7 जून को अमृतसर के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदाता मैपिंग कार्य की प्रगति का जायजा लेंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों तथा उनके बूथ लेवल एजेंटों (बी.एल.ए.) से भी अपील की है कि वे 7 जून को आयोजित किए जा रहे इस एक दिवसीय विशेष कैंप को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने जिले के सभी निवासियों से इस विशेष कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपनी मतदाता पात्रता सुनिश्चित करने की अपील की।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News