Breaking News

जिला अमृतसर के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) की प्रक्रिया जारी :प्रक्रिया संबंधी जानकारी जिला अमृतसर के स्कूल प्राचार्यों के साथ साझा की गई

अमृतसर, 14 जुलाई(राजन): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला अमृतसर में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) का कार्य निरंतर जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त, अमृतसर  दलविंदरजीत सिंह के नेतृत्व में जिले के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ई.आर.ओ.) द्वारा एस.आई.आर. प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तर पर विशेष शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पात्र मतदाताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के तहत एस.आई.आर. प्रक्रिया के संबंध में आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला स्वीप नोडल अधिकारी-सह-जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा)  कंवलजीत सिंह ने आज सरकारी स्कूलों के प्राचार्यों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान प्राचार्यों को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) के उद्देश्य, महत्व एवं प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

कंवलजीत सिंह ने प्राचार्यों से विद्यार्थियों, अभिभावकों, विद्यालय स्टाफ तथा स्थानीय समुदाय के बीच एस.आई.आर. के प्रति अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं, अभिभावक-शिक्षक बैठकों, सूचना पट्टों, सोशल मीडिया तथा अन्य जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रमाणिक जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता बढ़ाने में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्राचार्यों से आग्रह किया कि वे पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं, पात्र अभिभावकों तथा अन्य सभी पात्र नागरिकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों सहित गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जमा करवाने के लिए प्रेरित करें।

बैठक के अंत में सभी प्राचार्यों से निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई, ताकि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के दौरान अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके और एक सटीक, समावेशी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के उद्देश्य को सफल बनाया जा सके।

इस अवसर पर उप जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना, प्राचार्य  सुनील गुप्ता, मास्टर ट्रेनर  विवेक देवगन, संदीप सियाल तथा  वरुण कुमार भी उपस्थित थे। 

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

कांग्रेस के बागी गुट को बघेल का झटका: बोले- पंजाब में एक ही चेहरा होगा, राहुल गांधी का

शनिवार को पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल से कांग्रेसी नेता मीटिंग करते हुए। अमृतसर,13 जुलाई: …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *