
अमृतसर, 29 अगस्त(राजन): पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए 10 दिवसीय विशेष सफाई अभियान के तहत आम आदमी पार्टी के विधानसभा हलका अमृतसर उत्तरी के इंचार्ज करमजीत सिंह रिंटू ने आज कंपनी बाग में नगर निगम की टीम के साथ स्वयं सफाई सेवा में हिस्सा लेकर इस अभियान का आगाज किया।

इस अवसर पर करमजीत सिंह रिंटू ने कहा कि अमृतसर हमारा घर है और इसे साफ-सुथरा, सुंदर और हरा-भरा रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल समस्याएं गिनाना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए स्वयं जमीनी स्तर पर उतरकर काम करना भी है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू किया गया यह विशेष अभियान शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर निगम और प्रशासनिक टीमें पूरी मेहनत और समर्पण के साथ इस अभियान में जुटी हुई हैं, लेकिन इसकी वास्तविक सफलता के लिए शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
रिंटू ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि इन 10 दिनों को केवल एक सरकारी अभियान तक सीमित न रखा जाए, बल्कि अपने अमृतसर को और अधिक साफ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के लिए इसे एक जन आंदोलन का रूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों, नगर निगम और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से गुरु नगरी को स्वच्छता, सुंदरता और हरियाली के मामले में और बेहतर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर सीनियर डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं और उन्होंने भी सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इसके अलावा नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, पार्टी नेता, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News