
अमृतसर, 21 अक्टूबर (राजन): इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर के चेयरमैन एवं आम आदमी पार्टी के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के इंचार्ज करमजीत सिंह रिंटू के नेतृत्व में 88 फुट रोड ग्राउंड में भव्य दशहरा महोत्सव बड़ी श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अमृतसर नॉर्थ के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों सहित पहुंचे। ‘जय श्री राम’ के जयकारों और लोगों के भारी उत्साह से पूरा मैदान भक्तिमय वातावरण में रंगा नजर आया।
दशहरा महोत्सव के दौरान रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। शानदार आतिशबाजी और धार्मिक कार्यक्रमों ने आयोजन की रौनक को और बढ़ा दिया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित हर वर्ग के लोगों ने इस पावन पर्व में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए करमजीत सिंह रिंटू ने कहा कि दशहरा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम जी का जीवन हमें मर्यादा, सत्य, त्याग, साहस, सेवा और अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आज के समय में भी प्रभु श्री राम के आदर्श समाज को एकता और भाईचारे की डोर में बांधने का मार्ग दिखाते हैं।
रिंटू ने कहा कि अमृतसर नॉर्थ उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना परिवार है। क्षेत्र के लोगों से हर अवसर पर मिल रहा प्यार, विश्वास और सहयोग उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन हमें अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को और मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि दशहरा हमें अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त कर सत्य, ईमानदारी, सेवा और मानवता के रास्ते पर चलने का संदेश भी देता है। एक मजबूत, खुशहाल और विकसित समाज के निर्माण के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए तथा आपसी सम्मान और सामाजिक एकता को और मजबूत करना चाहिए।
करमजीत सिंह रिंटू ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति और उनके उत्साह ने इस दशहरा महोत्सव को यादगार बना दिया। उन्होंने कहा कि जनता का यह प्यार और अपनापन उनके तथा उनकी पूरी टीम के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है।

रिंटू ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अमृतसर नॉर्थ के सभी निवासियों, सहयोगियों, सेवादारों और अपनी पूरी टीम का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से भविष्य में भी ऐसे धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किए जाते रहेंगे।
अंत में करमजीत सिंह रिंटू ने भगवान श्री राम जी के चरणों में अमृतसर नॉर्थ सहित समस्त शहरवासियों की सुख-शांति, अच्छे स्वास्थ्य, समृद्धि और तरक्की की कामना की तथा सभी को दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News