
अमृतसर, 23 अक्टूबर(राजन):पंजाब सरकार द्वारा भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के अवसर पर 26 अक्टूबर को भगवान महर्षि वाल्मीकि तीर्थ (राम तीर्थ), अमृतसर में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उपायुक्त अमृतसर दलविंदरजीत सिंह ने आज तीर्थ स्थल पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की तथा संबंधित विभागों को सभी आवश्यक प्रबंध समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर अमृतसर ने कहा कि भगवान महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 26 अक्टूबर को होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के समन्वय से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारू व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।

डीसी ने बताया कि राज्य स्तरीय समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के अतिरिक्त पंजाब मंत्रिमंडल के अन्य मंत्री भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि समारोह में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ठहरने, लंगर, पीने के स्वच्छ पानी, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के उचित प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करें। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि समारोह का आयोजन सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News