Breaking News

भाई गुरदास लाइब्रेरी में ‘अमृतसर 450: दुर्लभ पुस्तकों और पांडुलिपियों की प्रदर्शनी’ आयोजित;उप-कुलपति करेंगे लोक कला प्रदर्शनी का उद्घाटन

अमृतसर, 23 नवंबर(राजन):पवित्र शहर अमृतसर की स्थापना के 450वें वर्ष को समर्पित गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी की भाई गुरदास लाइब्रेरी की ओर से यूनिवर्सिटी परिसर में ‘अमृतसर 450: दुर्लभ पुस्तकों और पांडुलिपियों की प्रदर्शनी’ आयोजित की गई। यह विशेष पहल उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के दूरदर्शी मार्गदर्शन में की गई। उनका मानना है कि दुर्लभ पुस्तकों और पांडुलिपियों के माध्यम से हमारी समृद्ध साहित्यिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने, आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास किए जाने चाहिए। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और आगंतुकों को इन अनमोल ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व से परिचित करवाना है, ताकि इन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सके।

प्रदर्शनी का उद्घाटन यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) के.एस. चहल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने लाइब्रेरी की टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां क्षेत्र की बौद्धिक और सांस्कृतिक विरासत को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और आम लोगों को इन ऐतिहासिक धरोहरों को देखने और इनके बारे में जानने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) इंद्रप्रीत कौर, प्रोफेसर इंचार्ज (लाइब्रेरी), डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. सुरिंदर सिंह घुम्मण, डॉ. जतिंदर सिंह गिल, असिस्टेंट लाइब्रेरियन श्री सतीश कुमार, श्रीमती निशि हांडा तथा भाई गुरदास लाइब्रेरी के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।

प्रदर्शनी में कई दशक और सदियों पुरानी दुर्लभ पुस्तकें, ऐतिहासिक दस्तावेज और महत्वपूर्ण हस्तलिखित पांडुलिपियां प्रदर्शित की गईं। इन पुस्तकों और दस्तावेजों के माध्यम से अमृतसर और पंजाब के इतिहास, सिख इतिहास, स्थानीय संस्कृति, विरासत और पारंपरिक वास्तुकला से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।

प्रदर्शनी में महाराजा दलीप सिंह पर वर्ष 1890 में प्रकाशित पुस्तकें, वर्ष 1843 में प्रकाशित हिस्ट्री ऑफ द वॉर इन अफगानिस्तान, वर्ष 1835 की रिलिजियस मैगजीन, वर्ष 1929 की रिपोर्ट श्री दरबार साहिब, वर्ष 1905 की गाइड टू द दरबार साहिब, तवारीख श्री अमृतसर, वर्ष 1947 का पंजाब डिस्ट्रिक्ट गजेटियर्स: अमृतसर डिस्ट्रिक्ट, वर्ष 1935 में प्रकाशित हिस्ट्री ऑफ द गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब लाहौर, वर्ष 1938 की जंग चमकौर तो पिछों, वर्ष 1978 की हिस्ट्री ऑफ गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब, वर्ष 2007 की सिख मानसिकता अते बाबा अटल दे कंध चित्र, वर्ष 1960 की पंजाबी सूबे दे मोर्चे दा इतिहास और वर्ष 1930 का गदर हिंदुस्तान अखबार मुख्य आकर्षण रहे।

इसके अलावा, वर्ष 1920 में प्रकाशित खून दे सोहिले भी प्रदर्शित की गई। यह पुस्तक मार्शल लॉ के दौरान भारतीय नागरिकों पर किए गए अत्याचारों के संबंध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उप-समिति की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट पर आधारित है।

प्रदर्शनी में आए लोगों ने इन ऐतिहासिक दस्तावेजों और दुर्लभ पुस्तकों में गहरी रुचि दिखाई। यह आयोजन अमृतसर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को समझने तथा उसे सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।

इस अवसर पर डीन, कॉलेज विकास परिषद डॉ. सरोज अरोड़ा ने बताया कि लोक कला प्रदर्शनी का उद्घाटन उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर डीन, अकादमिक मामले प्रो. एच.एस. सैनी, रजिस्ट्रार प्रो. (डॉ.) के.एस. चहल, डीन, विद्यार्थी कल्याण प्रो. सतनाम सिंह दियोल, डायरेक्टर, युवा कल्याण डॉ. अमनदीप सिंह और डॉ. सरोज अरोड़ा भी उपस्थित रहेंगे।

डॉ. अरोड़ा ने बताया कि इस लोक कला प्रदर्शनी में विभिन्न कॉलेजों की ओर से पंजाबी संस्कृति और पारंपरिक कला को दर्शाती वस्तुएं प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें फुलकारी, बाग, पुरानी पंखियां, दरियां, पारंपरिक कपड़े और घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल होंगी। इसके साथ ही पंजाबी विरासत से जुड़े कलात्मक नमूने, गहने, लोक वाद्य यंत्र, पुराने बर्तन, पारंपरिक व्यवसायों से जुड़ी वस्तुएं, पुराने हथियार और खेतीबाड़ी से संबंधित सामान भी प्रदर्शित किया जाएगा।

यूनिवर्सिटी के अपैरल एंड टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी और लाइफ लॉन्ग लर्निंग विभाग की ओर से विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई वस्तुओं की बिक्री के लिए स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इस आयोजन में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और अध्यापकों के लिए यूनिवर्सिटी परिसर में रहने और खाने की व्यवस्था की गई है।

डॉ. सरोज अरोड़ा, डीन, कॉलेज विकास परिषद की ओर से विभिन्न कॉलेजों से आए विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा, लोक कला प्रदर्शनी में भाग लेने वाली प्रत्येक टीम को प्रदर्शनी के प्रबंधों के लिए भागीदारी के बाद 5,000 रुपये की राशि भी दी जाएगी।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

ऐतिहासिक कानूनी मील का पत्थर: अमृतसर की विशेष लोक अदालत में एक ही दिन में 6.77 करोड़ रुपये से अधिक का निपटारा

अमृतसर, 21 नवंबर (राजन):असाधारण न्यायिक प्रभावशीलता और जन कल्याण के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का प्रदर्शन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *