
अमृतसर, 26 नवंबर(राजन): जिला प्रशासनिक परिसर अमृतसर में आज डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह के नेतृत्व में संविधान दिवस मनाया गया तथा भारतीय संविधान के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने जिला प्रशासनिक परिसर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़कर सुनाई तथा संविधान के प्रति निष्ठावान एवं समर्पित रहने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा एवं निष्ठा रखने, कानून द्वारा स्थापित भारत की संप्रभुता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा अपने पद से संबंधित जिम्मेदारियों को बिना किसी भेदभाव के पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने के लिए आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने में अपना योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई। इसके अतिरिक्त यह संकल्प लिया गया कि भारत के सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा एवं अवसरों की समानता सुनिश्चित करने के लिए संविधान के प्रति समर्पित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी द्वारा भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने के लिए देखे गए सपने को साकार करने के लिए भी हम सभी प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे लोक सेवा में रहते हुए पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं लगन से आम जनता की सेवा करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) पलवी मिश्रा, जिला लोक संपर्क अधिकारी इंदरजीत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष इंदर सिंह, डाटा रिकवरी सुपरिंटेंडेंट अशनील कुमार के अलावा डिप्टी कमिश्नर कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित था।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News