
अमृतसर,3 फरवरी:पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने अपने पद से आज 3 फरवरी को इस्तीफा दे दिया। बी एल पुरोहित ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को भेज दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को दिए गए इस्तीफे पत्र में बनवारी लाल ने लिखा है कि अपने व्यक्तिगत कारणों और कुछ अन्य प्रतिबद्धताओं के कारण, मैं पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक के पद से अपना इस्तीफा देता हूं। कृपया इसे स्वीकार करें।

भाजपा से लंबे समय से जुड़े रहे पुरोहित को 21 अगस्त 2021 को पंजाब का गवर्नर नियुक्त किया गया था। उन्होंने
एक सितंबर 2021 को अपना पद संभाला। इससे पहले वह वर्ष 2017 से 2021 तक तमिलनाडु और वर्ष 2016 से 2017 तक असम के गवर्नर रहे । पुरोहित का जन्म 16 अप्रैल 1940 को राजस्थान के नवलगढ़ में हुआ था।
कैप्टन की सरकार में गवर्नर बने पुरोहित
बनवारी लाल पुरोहित जब पंजाब के गवर्नर बने, तब पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई वाली कांग्रेस की सरकार थी। बाद में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस्तीफा दिया तो कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया। इसके बाद फरवरी 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव हुए।आम आदमी पार्टी ने रिकॉर्ड बहुमत के साथ जीत दर्ज की। उस दौरान बनवारी लाल पुरोहित ने भगवंत मान को मुख्यमंत्री की शपथ दिलाई।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें