
अमृतसर, 19 मई (राजन):जनगणना अधिकारी-कम-नगर निगम कमिश्नर अमृतसर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने जनगणना संबंधी ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ गंभीर रुख अपनाया है। प्रशासन द्वारा बार-बार निर्देश, आधिकारिक रिमाइंडर तथा अनिवार्य प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाने के बावजूद कई कर्मचारी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए।
बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने पुलिस कमिश्नर, अमृतसर को पत्र लिखकर जनगणना अधिनियम, 1948 की संबंधित धाराओं के तहत अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की है। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश जारी किए गए हैं कि जनगणना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के वेतन रोके जाएं।
प्रशासन ने कहा कि जनगणना कार्य राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही, जानबूझकर अनुपस्थिति या असहयोग से सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों, प्रशासनिक नीति निर्माण एवं जनकल्याण कार्यक्रमों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जनगणना सुपरवाइजर के रूप में नियुक्त कई कर्मचारी बार-बार टेलीफोनिक संपर्क एवं लिखित सूचनाओं के बावजूद ड्यूटी पर शामिल नहीं हुए।
जिन अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिन में निधि अग्रवाल, असिस्टेंट प्रोफेसर, बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर वूमेन, लॉरेंस रोड अमृतसर,दलजीत कौर, सीनियर असिस्टेंट, जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, अमृतसर, ऋतु सैनी, फाइनेंस विभाग, डीपीओ मजीठा रोड अमृतसर,हरीश्वर शर्मा, इंटरनल ऑडिटर, डिप्टी चीफ ऑडिटर बॉर्डर जोन पीएसपीसीएल पावर कॉलोनी मजीठा, पदमजीत, लेक्चरर, माई भागो गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ गारमेंट टेक्नोलॉजी, मजीठा रोड अमृतसर,विजय, लेक्चरर, जीएचएस तुंग बाला,पूनम बाला, सुपरिंटेंडेंट, पुडा अमृतसर,डिंपल गाखड़, लेक्चरर, एसओई सुल्तानविंड,राजिंदर सिंह, लेक्चरर, जीएचएस भगतनवाला, मनजीत कौर, लेक्चरर, एसओई जंडियाला गुरु,वीना, अध्यापिका, जीएचएस पुतलीघर के नाम शामिल है।
अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन शहर में जनगणना कार्य को पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा ड्यूटी पर लगाए गए प्रत्येक कर्मचारी का कानूनी दायित्व है कि वह जनगणना अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार पूर्ण सहयोग करे। सीएमसी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नगर निगम ने सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों से अपील की है कि वे तुरंत अपनी ड्यूटी जॉइन करें, लंबित प्रशिक्षण सत्रों में भाग लें तथा प्रशासन का पूरा सहयोग करें ताकि किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News