
अमृतसर, 19 अगस्त (राजन):पंजाब सरकार द्वारा विधानसभा हलका बाबा बकाला साहिब के नगर रईया की दाना मंडी में 28 अगस्त को राखड़ पुण्या के पावन त्योहार को समर्पित राज्य स्तरीय समारोह करवाया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर आज विधानसभा हलका बाबा बकाला साहिब के विधायक स. दलवीर सिंह टोंग, बटाला के विधायक एवं आम आदमी पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष श्री अमन शेर सिंह शैरी कलसी तथा डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने दाना मंडी रईया में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया।

इस अवसर पर विधायक दलवीर सिंह टोंग ने बताया कि बाबा बकाला साहिब के पवित्र राखड़ पुण्या के त्योहार को समर्पित दाना मंडी रईया में विशाल राज्य स्तरीय समारोह करवाया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह समारोह दाना मंडी रईया में करवाने का निर्णय लिया गया है।
विधायक ने कहा कि इस राज्य स्तरीय समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सहित पंजाब मंत्रिमंडल के मंत्री भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की संगत में इस समारोह को लेकर काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के समारोह में पहुंचने की उम्मीद है।
समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के लिए लंगर, स्वच्छ पेयजल, छाया, पंखों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के उचित प्रबंध किए जाएं। इसके साथ ही दाना मंडी की सफाई, बिजली, पानी, यातायात तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि समारोह से संबंधित सभी प्रबंध आपसी तालमेल से किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर एस.डी.एम. बाबा बकाला साहिब जशनजीत सिंह, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता निर्मलजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News