
अमृतसर, 24 अगस्त :फिरोजपुर के सतियेवाला गांव के सरपंच कुलदीप सिंह भुल्लर ने अनूठी मिसाल पेश की है। उन्होंने परिवार की सहमति से भगत पूरन सिंह पिंगलवाड़ा श्री अमृतसर साहिब को 3 करोड़ रुपए से अधिक का दान किया है। इसमें डेढ़ किलो सोना और डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक के बॉन्ड शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने जमीन और घर बच्चों के नाम कर दिए हैं।
पिंगलवाड़ा गरीबों, असहायों और बीमारों को आश्रय देता है। पिछले सप्ताह कुलदीप सिंह भुल्लर अपने परिवार के साथ पिंगलवाड़ा पहुंचे। उन्होंने वहां प्रभारी बीबी इंदरजीत कौर को वसीयत की प्रति सौंपी। उनका कहना है कि व्यक्ति की वास्तविक संपत्ति उसके अच्छे कर्म है जो उसके जाने के बाद भी समाज के काम आते रहे।
विद्यालय के लिए भी 10-10 लाख रुपए देने का निर्णय
भुल्लर ने सतियेवाला के गुरुद्वारा साहिब और सरकारी विद्यालय के लिए भी 10-10 लाख रुपए देने का निर्णय लिया है। गुरुद्वारा साहिब के लिए दी गई दस लाख की एफडी के ब्याज से ग्रंथी सिंह को वेतन के अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। स्कूल की दस लाख की एफडी की राशि से मिलने वाले ब्याज का उपयोग जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक मदद व आवश्यक पठन सामग्री उपलब्ध कराने में किया जाएगा।
नशामुक्ति और अंगदान का भी संकल्प
कुलदीप सिंह भुल्लर का सामाजिक सरोकार यहीं खत्म नहीं होता । योग केंद्र सतियेवाला में युवाओं को नशे की लत से बाहर निकालने और विभिन्न बीमारियों से राहत दिलाने के लिए योगासन के माध्यम से निःशुल्क सेवा भी दी जा रही है। उन्होंने अपील की कि यदि आसपास कोई युवक नशे के दलदल में फंसा है तो उसे उपेक्षित न छोड़ें, बल्कि योग केंद्र से संपर्क कराकर उसे सामान्य जीवन की ओर लौटाने का प्रयास करें।अब तक 50 से अधिक बार अपना रक्तदान कर चुके भुल्लर ‘मृत्यु के बाद अपने सभी अंग दान करने का संकल्प भी लिया है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News