
अमृतसर, 6 अक्टूबर(राजन): माइनिंग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा 5 अक्टूबर 2026 की देर रात गांव कोट सिद्धू, तहसील लोपोके में अवैध रेत खनन स्थल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई।
डायरेक्टर, माइंस एंड जियोलॉजी विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत की गई इस कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम को मौके पर अवैध रूप से रेत की खुदाई होती हुई मिली। हालांकि, मौके पर मौजूद मशीनरी के ऑपरेटर पुलिस की कार्रवाई से पहले ही फरार होने में सफल रहे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए माइनिंग विभाग के एक्सईएन विश्वपाल गोयल ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अधिकारियों द्वारा तीन जे.सी.बी. मशीनों की पहचान की गई। इनमें से दो के चेसिस नंबर RAJ3DXX4A03117476 और HAR3DXX4K03070706 हैं, जबकि एक जे.सी.बी. बिना चेसिस नंबर के पाई गई। इसके अलावा मौके पर सात टिप्पर ट्रकों की भी पहचान की गई, जिनके रजिस्ट्रेशन नंबर PB 02 DF 5572, PB 02 EJ 0301, PB 02 EC 7695, PB 02 ER 7191, PB 02 EE 6944, PB 02 EJ 0410 और PB 02 EQ 9399 हैं।
उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के बाद थाना भिंडी सैदां में एफ.आई.आर. नंबर 0160/2026 दर्ज की गई है। यह एफ.आई.आर. माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट, 1957 की धारा 21(1) के तहत दर्ज की गई है।
एक्सईएन ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और इस अवैध खनन में शामिल भूमि मालिकों, वाहनों तथा जे.सी.बी. मशीनों के मालिकों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक्सईएन विश्वपाल गोयल ने कहा कि जिले में अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अवैध खुदाई में शामिल लोगों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News