
अमृतसर,18 अक्टूबर:नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी ) और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसफ ) संयुक्त ऑपरेशन के तहत पंजाब पुलिस के ही एक हेड कांस्टेबल करणबीर सिंह को भारी मात्रा में हेरोइन और अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद जब एनसीबी की टीम ने आरोपी करणबीर सिंह से पूछताछ की, तो उसने एक और ठिकाने का खुलासा किया। आरोपी की निशानदेही पर शनिवार को गांव भूसे स्थित एक टावर के पास से 10 किलो हेरोइन का एक और कंसाइनमेंट बरामद किया गया।
बीएसफ और एनसीबी की 115 बटालियन ने भारत-पाक सीमा के पास स्थित गांव लाहियांके पास गुप्त सूचना के आधार पर विशेष नाकाबंदी की थी।चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्थिति में आ रही एक स्विफ्ट कार को रोका गया, जिसे हेड कांस्टेबल करणबीर सिंह चला रहा था।कार की तलाशी लेने पर 15 किलो हेरोइन के 3 पैकेट, एक रिवॉल्वर, 5 जिंदा कारतूस, 7,000 कैश, 2 मोबाइल फोन, 5 पहचान पत्र, एटीएम कार्ड, डोंगल और चार्जर बरामद किए गए।
एनसीबी ने बरामद हेरोइन और सभी सामान को अपनी कस्टडी में ले लिया है। प्राथमिक जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि नशे की यह खेप सीमा पार यानी पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से गिराई गई थी। एजेंसियां अब इस नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों और पुलिस विभाग में आरोपी के कनेक्शनों की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News