
अमृतसर, 11 अप्रैल(राजन):सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बीते दिनों हुई भारी बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का जायज़ा लेने के लिए विधानसभा क्षेत्र मजीठा के गांव नाग कलां और नाग खुर्द का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और खेतों में जाकर हालात का आकलन किया।
उन्होंने कहा कि किसानों की महीनों की मेहनत एक पल में प्राकृतिक आपदा की भेंट चढ़ जाना बेहद दुखद है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में पानी भर गया है, जिससे गेहूं और मक्का की फसल लगभग पूरी तरह बर्बाद हो गई है। कई जगहों पर फसलें जमीन पर गिर चुकी हैं, जिससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ा है।

सांसद औजला ने कहा कि किसान पहले से ही कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं और इस तरह की मार उनके लिए बड़ा आर्थिक झटका है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि तुरंत गिरदावरी करवाई जाए और सही आकलन के आधार पर प्रभावित किसानों को उचित मुआवज़ा दिया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और वे अगली फसल की तैयारी कर सकें।
सांसद औजला ने सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछले समय में मुआवज़ा न केवल कम मिला था, बल्कि कई प्रभावित किसानों तक पहुंचा भी नहीं था। उन्होंने मांग की कि इस बार पूरी पारदर्शिता के साथ गिरदावरी करवाई जाए और हर किसान को उसका हक मिले।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर मदद नहीं मिली तो किसानों की आर्थिक स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने कहा, “अगर किसान बचेगा, तभी देश की अर्थव्यवस्था मजबूत रहेगी,” इसलिए सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
इसके अलावा राजासांसी और अटारी क्षेत्र के कुछ गांवों में भी हुए नुकसान का जायज़ा सांसद औजला द्वारा पहले ही लिया जा चुका है, जहां उन्होंने किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस मौके पर हलका मजीठा के इंचार्ज सरदार भगवंतपाल सिंह सचर, किसान कांग्रेस जिला अमृतसर के प्रधान सरदार परमप्रीत सिंह साबी छज्जलवड्डी, ब्लॉक प्रधान सरदार नवतेजपाल सिंह सोहिया, चेयरमैन सरदार गुरमीत सिंह राजू भीलोवाल, प्रधान नवदीप सिंह सोना सहित अन्य साथी भी मौजूद रहे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News