
अमृतसर, 20 मई :श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित जिला अमृतसर में पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से साढ़े छह लाख पौधे लगाने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में आज डिप्टी कमिश्नर अमृतसर दलविंदरजीत सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए इस अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने मानवता को समानता, सेवा और प्रकृति से प्रेम का संदेश दिया है। उनके 650वें प्रकाश उत्सव को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत जिले के गांवों, शहरी क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, सड़कों के किनारों, नहरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर साढ़े छह लाख पौधे लगाए जाएंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला वन अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को बीमारियों से बचाने और उन्हें स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सरकारी अभियान न मानकर अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझते हुए अधिक से अधिक प्रयास किए जाएं।
जिला वन अधिकारी ने बताया कि वन विभाग द्वारा सभी सरकारी विभागों को मुफ्त पौधे उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निगमों, बोर्डों और एनजीओ को सरकार द्वारा रियायती दरों पर पौधे उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिसके तहत 20 रुपये का पौधा मात्र 2 रुपये प्रति पौधा के हिसाब से दिया जाएगा।
इस बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) परमजीत कौर, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी असीसइंदर सिंह, सहायक निदेशक बागवानी जतिंदर सिंह संधू, डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन डॉ. संदीप धवन, एपीओ मनरेगा करमजीत सिंह, कर्नल वी.के. सिंह, नोडल इंचार्ज धर्मिंदर सिंह, डिप्टी डायरेक्टर सीईओ तीरथपाल सिंह, रोजगार अधिकारी मुकेश सारंगल, प्रिंसिपल सरकारी कॉलेज अजनाला परमिंदर कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News