Breaking News

रिटायर्ड पुलिस अफसर और आप नेता में फायरिंग: दोनों तरफ से गोलियां चलीं, आप नेता को लगी गोली

अमृतसर, 28 मई : गाड़ी की पार्किंग को लेकर खूनी झड़प हो गई। रिटायर्ड पुलिस अफसर और उनके पड़ोसी “आप ” नेता आपस में भिड़ गए। बहस से शुरू हुआ झगड़ा हाथापाई, तलवारें लहराने से लेकर फायरिंग तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलियां चलाईं। झड़प के दौरान एक व्यक्ति की पगड़ी भी उतर गई। जिसके बाद कुछ युवक तलवारें लहराने लगे। फायरिंग में आप नेता और एक अन्य व्यक्ति को गोली लग गई। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।

अमृतसर के एसपी (ईस्ट) देवेंद्र सिंह ने बताया कि कोट आत्माराम इलाके में गुरूवार दोपहर डेढ़ – 2 बजे फायरिंग की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर जांच की गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि रिटायर्ड पुलिस अफसर तेजिंदर सिंह के घर के सामने उनके पड़ोसी आप नेता जयपाल सिंह के बेटे ने थार गाड़ी खड़ी कर दी थी। एसपी ने कहा कि रिटायर्ड अफसर तेजिंदर सिंह ने उसे रोक दिया, जिसके बाद दोनों के बीच झड़प हो गई। झगड़े के दौरान जयपाल सिंह के बेटे के हमले में तेजिंदर सिंह की पगड़ी उतर गई, जिसके बाद जयपाल सिंह का बेटा वहां से चला गया। बाद में उसने अपने पिता और भाई को बुला लिया, जो कृपाण और पिस्टल लेकर मौके पर पहुंचे।

इसके बाद दोनों पक्षों में फिर से हाथापाई और झड़प हुई। झड़प के दौरान जयपाल सिंह की तरफ से गोली चलाई गई, जो तेजिंदर सिंह पक्ष के नरेंद्र सिंह के पैर में लगी। वहीं दूसरी तरफ से चलाई गई गोली जयपाल सिंह के पैर में लगी। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के दो लोगों के पैर में गोलियां लगी हैं और दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

विधायक डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर अमनदीप अस्पताल पहुंचे और घायल जयपाल सिंह का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि उनके हलके में गोलीबारी हुई है और पार्टी के वरिष्ठ वॉलंटियर जयपाल सिंह अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों से मरीजों की स्थिति की जानकारी ली गई है और पूरे मामले की विस्तार से जांच की जा रही है। डॉ. निज्जर ने बताया कि जयपाल सिंह लंबे समय से आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं और पहले चुनाव भी लड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी राजनीतिक रंजिश की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

उधर, थाना बी-डिवीजन के पुलिस अधिकारी बलजिंदर सिंह औलख ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

अनगढ़ इलाके में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों पर पुलिस की रेड: एक महिला गिरफ्तार

जानकारी देते हुए एसीपी सुरिंदर सिंह। अमृतसर, 23 मई : अनगढ़ इलाके में पुलिस ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *