
अमृतसर, 2 सितंबर(राजन):केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नवां कोट इलाके में विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इलाके में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने घरों के साथ-साथ आसपास की सफाई का भी ध्यान रखें तो कई प्रकार की बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे गलियों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें तथा कूड़े को निर्धारित स्थानों पर ही डालें।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों के सहयोग के बिना सफाई व्यवस्था को लंबे समय तक प्रभावी बनाए रखना संभव नहीं है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि वह स्वयं प्रतिदिन मैदान में उतरकर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के किसी भी इलाके में कूड़े के ढेर नहीं लगने दिए जाएंगे और जहां भी सफाई से संबंधित कोई समस्या सामने आएगी, उसे प्राथमिकता के आधार पर हल करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर निगम द्वारा भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। सफाई कर्मचारियों और मशीनरी का उपयोग करके विभिन्न इलाकों में सफाई कार्यों को तेज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाया जा सके।
विधायक ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग दें, अपने घरों और दुकानों के आसपास कूड़ा जमा न होने दें तथा गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखने की आदत अपनाएं। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र को और भी स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ इलाके में सफाई व्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News