
अमृतसर, 19 अक्टूबर(राजन): पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल, भगवान वाल्मीकि जी तीर्थ स्थल श्राइन बोर्ड की एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन बाल योगी प्रगट नाथ, लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. सहित अन्य प्रमुख हस्तियों द्वारा आज भगवान वाल्मीकि जी तीर्थ स्थल के पावन सरोवर में 500 रंग-बिरंगी मछलियों का बीज छोड़ा गया। पंजाब सरकार द्वारा सरोवर की सफाई और अन्य आवश्यक कार्य करवाने के बाद इसमें दोबारा जल भरा गया है।
इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि पंजाब की धरती ऋषियों, मुनियों, गुरुओं और पैगंबरों की धरती है। उन्होंने कहा कि श्री वाल्मीकि तीर्थ वह पावन स्थल है, जहां भगवान महर्षि वाल्मीकि जी ने तपस्या की और लव-कुश को शिक्षा प्रदान की। उनकी शिक्षाएं समस्त मानवता को सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इस पावन स्थल की सुंदरता बढ़ाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा भगवान वाल्मीकि जी तीर्थ स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण पर लगभग 17.72 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें से 3.74 करोड़ रुपये पावन सरोवर की सफाई, गाद निकालने, साफ रेत डालने तथा अन्य संबंधित कार्यों पर खर्च किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि लगभग 2.80 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य मंदिर की पेंटिंग एवं पॉलिशिंग, रास्तों के पिलरों की मरम्मत और सैंडस्टोन की सिलिकॉन कटिंग के कार्य करवाए जा रहे हैं। इसी प्रकार, 2.42 करोड़ रुपये की लागत से संगत हॉल के पत्थरों की मरम्मत तथा लंगर हॉल, सराय और पैनोरमा स्थित हॉल की पेंटिंग के कार्य किए जा रहे हैं।

इस दौरान राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने समस्त श्रद्धालुओं को भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इस पावन अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है तथा तीर्थ स्थल की सुंदरता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्य किए गए हैं।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News