
अमृतसर, 3 जून :पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्य स्तरीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत जिला अमृतसर में भी विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज एडीसी (ग्रामीण विकास) परमजीत कौर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
एक विशेष रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा
बैठक की अध्यक्षता करते हुए परमजीत कौर ने बताया कि 11 जून 2026 को दशहरा ग्राउंड, रंजीत एवेन्यू, अमृतसर में जिला प्रशासन की ओर से श्री गुरु रविदास महाराज जी को समर्पित एक विशेष कीर्तन समागम आयोजित किया जाएगा। इस समागम में प्रसिद्ध कीर्तन जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उसी दिन कार्यक्रम स्थल पर एक विशेष रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे
एडीसी ने बताया कि जून माह के दौरान जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, शिक्षाओं तथा समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा गांव स्तर पर डॉक्यूमेंट्री शो भी प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी महान संत के जीवन और विचारधारा से प्रेरणा प्राप्त कर सके।
6 लाख 50 हजार पौधे लगाए जा रहे
परमजीत कौर ने बताया कि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत जिला अमृतसर में 6 लाख 50 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण को हराभरा बनाने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए भी प्रेरित करेगी।
यह अधिकारी रहे मौजूद
बैठक के दौरान कार्यक्रमों की रूपरेखा, सुरक्षा प्रबंधों, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं संबंधी विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर एस.डी.एम. अमृतसर-2 गुरमंदर सिंह, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के अधिकारी हितेश कुमार, नगर निगम के एस.ई. संदीप सिंह, पर्यटन अधिकारी सुखमन सिंह, निगम मेडिकल अधिकारी डॉ. रमा, सहायक सिविल सर्जन डॉ. राजिंदरपाल कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News