‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत पंजाब सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की : विधायक डॉ. गुप्ता

अमृतसर, 4 जून(राजन):पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के तहत आज नशा मुक्ति मोर्चा अमृतसर शहरी द्वारा शक्ति नगर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र अमृतसर के विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने की।
इस अवसर पर नशा मुक्ति मोर्चा शहरी के प्रभारी दिक्षित धवन, एडीसी (शहरी विकास) रुपिंदर पाल सिंह, पार्षद विक्की दत्ता, पार्षद जरनैल सिंह ढोट, ए.सी.पी. सुरिंदर सिंह, इंस्पेक्टर मनजीत कौर, इंस्पेक्टर हरमनदीप सिंह, इंस्पेक्टर शमिंदरजीत सिंह, सोनू कुमार दिलबर, चेयरमैन हरप्रीत सिंह आहलूवालिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं नशा मुक्ति मोर्चा के वॉलिंटियर्स उपस्थित थे।
बैठक के दौरान नशों के खिलाफ चल रहे अभियान को और अधिक प्रभावी तथा तेज़ी से लागू करने संबंधी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा नशों को जड़ से समाप्त करने के लिए “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान चलाया जा रहा है और इस अभियान के 459 दिन पूरे हो चुके हैं।

उन्होंने बताया कि इन 459 दिनों के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या 66,473 तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि नशा मुक्ति मोर्चा के सभी वॉलिंटियर्स तथा विलेज एवं वार्ड डिफेंस कमेटियों के सदस्य पंजाब को फिर से रंगला पंजाब बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में नशा मुक्ति मोर्चा द्वारा पुनः जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा ताकि जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी परिणाम प्राप्त किए जा सकें।
इस अवसर पर नशा मुक्ति मोर्चा शहरी के प्रभारी दिक्षित धवन ने अपने संबोधन में कहा कि नशे की लत समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है और इसे समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें तथा युवा पीढ़ी को इस बुराई से दूर रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर नशा मुक्ति मोर्चा अमृतसर शहरी के पदाधिकारी भी उपस्थित थे और सभी सदस्यों ने नशों के खिलाफ इस लड़ाई को और मजबूत बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का विश्वास दिलाया।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News