हंसराज रघुवंशी जी के भजनों से शिवमय होगा अमृतसर

अमृतसर, 23 जून(राजन):सनातन सेवा समिति पंजाब एवं पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 27 जून 2026 को अमृतसर में आयोजित होने वाले ‘ एक शाम भगवान शिव के नाम” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज पैनोरमा कंपनी गार्डन में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के राजनीतिक सलाहकार दीपक बाली और सनातन सेवा समिति पंजाब के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शर्मा ने संबोधित किया। उनके साथ सनातन सेवा समिति पंजाब के माझा ज़ोन इंचार्ज श्री प्रणव धवन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक अमृतसर सेंट्रल अजय गुप्ता, हलका इंचार्ज अमृतसर नॉर्थ सरदार करमजीत सिंह रिंटू , आम आदमी पार्टी अमृतसर शहरी जिलाध्यक्ष सरबजोत धनजल, लोकसभा इंचार्ज जरनैल सिंह, आम आदमी पार्टी देहाती जिलाध्यक्ष गुरप्रताप सिंह तथा मेयर अमृतसर जतिंदर सिंह भाटिया भी मंच पर मौजूद रहे।
दीपक बाली ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘रंगला पंजाब’ विजन के तहत हम प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। 27 जून की शाम 6:30 बजे पाईटेकस ग्राउंड, रंजीत एवेन्यू में प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी जी के भजनों से अमृतसर की पावन धरती शिवमय हो जाएगी। मैं समस्त पंजाबवासियों को सपरिवार आमंत्रित करता हूं।
सनातन सेवा समिति पंजाब के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा, “सनातन का अर्थ है सेवा, संस्कार और समरसता। इस आयोजन के माध्यम से हम युवाओं को नशे से दूर करके अपनी संस्कृति से जोड़ना चाहते हैं। यह आयोजन राजनीति से ऊपर उठकर समाज के लिए है।
माझा ज़ोन इंचार्ज प्रणव धवन जी ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया, _हमारी पूरी टीम दिन-रात तैयारियों में जुटी है। 50,000 से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, पार्किंग, पानी एवं मेडिकल के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।”
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News