
अमृतसर, 25 जून: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) के तहत जिला अमृतसर में आज से विशेष अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के 2,134 बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) ने घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरित किए। बी.एल.ओ. 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे तथा उन्हें भरवाने में भी सहायता करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि एस.आई.आर. अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले के 11 विधानसभा क्षेत्रों में 11 निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ई.आर.ओ.), 22 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ए.ई.आर.ओ.), 110 अतिरिक्त ए.ई.आर.ओ., 213 सेक्टर अधिकारी तथा 2,134 बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) नियुक्त किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (Rationalisation) का कार्य 24 जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 3 अगस्त 2026 को किया जाएगा। मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 3 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक प्रस्तुत की जा सकेंगी। इनका निपटारा 3 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 1 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो, किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में दर्ज न हो।
किसी भी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर किया जा सकता है संपर्क
डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) के संबंध में फैलाए जा रहे किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार अथवा अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि एस.आई.आर. से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए नागरिक निर्वाचन आयोग के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि एस.आई.आर. से संबंधित शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए जिला स्तर पर जिला शिकायत निवारण अधिकारी (डी.जी.आर.ओ.) नियुक्त किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू की गई “बुक ए कॉल विद बी.एल.ओ.” सुविधा के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voters.eci.gov.in अथवा ECI NET मोबाइल ऐप के माध्यम से इस सुविधा का उपयोग कर अपने संबंधित मतदान केंद्र के बी.एल.ओ. से सीधे फोन पर संपर्क कर सकते हैं तथा मतदाता सूची अथवा एस.आई.आर. से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News