
अमृतसर, 25 सितंबर(राजन):उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के मार्गदर्शन में गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के एन.एस.एस. यूनिट द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–100 सप्ताह नशा मुक्त युवा अभियान’ के तहत ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ विषय पर विशेष स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह अभियान भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा चलाया जा रहा है।
इस 100 सप्ताह के अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अगस्त 2026 को देशभर में 28 हजार से अधिक स्थानों से शुरू किया गया था, जिसमें एक करोड़ से अधिक युवाओं ने भाग लिया। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त भारत के संदेशवाहक बनाना और विकसित भारत-2047 के सपने को साकार करने में उनकी भूमिका सुनिश्चित करना है।
अभियान के उद्देश्यों के बारे में जानकारी देते हुए एन.एस.एस. कोऑर्डिनेटर डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि नशों की रोकथाम संबंधी जागरूकता को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में एन.एस.एस. की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर एन.एस.एस. स्वयंसेवकों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच भी करवाई गई, ताकि उन्हें रोगों से बचाव और स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया जा सके।

विद्यार्थियों को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए दो विशेष विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किए गए। सरकारी मेडिकल कॉलेज, अमृतसर के सहायक प्रोफेसर डॉ. अमरवीरपाल सिंह ने नशों के मानव स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशा मुक्त पंजाब के संदेशवाहक बनने के लिए प्रेरित किया।
गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के कृषि विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. दिलप्रीत सिंह बराड़ ने अच्छे स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली नशों से बचाव तथा युवाओं की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
शिविर का समन्वय एन.एस.एस. यूनिट की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरकिरनदीप कौर ने किया। इस शिविर को सफल बनाने में कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. बलजीत रियार, डॉ. आदित्य पारिहार और डॉ. गौरव दुरेजा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में डॉ. बलजीत रियार, कार्यक्रम अधिकारी, एन.एस.एस. ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
शिविर के दौरान एन.एस.एस. स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ, नशा मुक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए कार्य करने की शपथ ली।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News