
अमृतसर, 13 नवंबर(राजन): अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अमृतसर (POCSO Court)-कम-फास्ट ट्रैक अदालत द्वारा नाबालिग बच्चियों के यौन शोषण के गंभीर मामले में दोषी मानक सिंह पुत्र तेजपाल सिंह, निवासी किराएदार गली नंबर 2, शहीद ऊधम सिंह नगर, सुल्तानविंड रोड, अमृतसर को 20 साल की कैद और 40 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है।
यह सजा थाना बी डिवीजन, अमृतसर में दर्ज एफ.आई.आर. नंबर 167/2024, धारा 65 बी.एन.एस. तथा धारा 6 पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में सुनाई गई है।
मामले के विवरण के अनुसार, घटना के समय एक नाबालिग बच्ची के माता-पिता अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे और वह बच्ची अपनी एक अन्य नाबालिग सहेली के घर खेलने गई हुई थी। दोनों बच्चियां घर में खेल रही थीं। इसी दौरान आरोपी ने माता-पिता की गैरमौजूदगी का फायदा उठाते हुए घर में प्रवेश किया और दोनों नाबालिग बच्चियों के साथ यौन छेड़छाड़ करने के साथ-साथ अप्राकृतिक यौन कृत्य किए।
मामले की सुनवाई और प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए 20 साल की कैद और 40 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News