
अमृतसर, 19 नवंबर(राजन):गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के पंजाबी अध्ययन स्कूल की ओर से उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के मार्गदर्शन में श्री अमृतसर साहिब के 450वें स्थापना वर्ष को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका विषय ‘पंजाबी साहित्य और संस्कृति: अपने देश से विदेश तक’ था।
इस अवसर पर प्रवासी पंजाबी लेखक डॉ. करनैल शेरगिल, सुखपाल और ओंकारप्रीत ने विशेष रूप से भाग लिया और पंजाबी साहित्य, प्रवास के अनुभवों तथा बदलती सांस्कृतिक पहचान पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के संयोजक प्रो. मनजिंदर सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रवासी लेखकों ने पंजाबी साहित्य को वैश्विक सोच से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
लेखक ओंकारप्रीत ने ‘मिप्पल’ शब्द की अवधारणा साझा की, जो पंजाब के पीपल और विदेश के मेपल पेड़ को मिलाकर बनाया गया है। सुखपाल ने कहा कि प्रवास केवल स्थान बदलने का नाम नहीं, बल्कि पंजाबी समाज की सोच और सांस्कृतिक पहचान में बदलाव का भी प्रतीक है। डॉ. करनैल शेरगिल ने अपने उपन्यासों के माध्यम से प्रवासी जीवन, इतिहास और सामाजिक पहचान के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरिंदर कौर सोहल ने किया, जबकि डॉ. बलजीत कौर रियार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News