1 दिसंबर से 4 जनवरी तक गणनाकार घर-घर जाकर करेंगे जनसंख्या की गणना: डिप्टी कमिश्नर

अमृतसर, 19 नवंबर(राजन): डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत शुरू हुई स्व-जनगणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए 30 नवंबर 2026 तक अपने परिवार और घर से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज करवाएं।
उन्होंने बताया कि स्व-जनगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। इस दौरान नागरिक आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और घर से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। सफलतापूर्वक जानकारी जमा करवाने के बाद एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एस.ई. आई.डी.) जारी की जाएगी, जिसे संभालकर रखना अनिवार्य है।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकार घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। जो नागरिक पहले ही स्व-जनगणना कर चुके होंगे, वे घर आने वाले गणनाकारों को अपनी एस.ई. आई.डी. उपलब्ध करवाएंगे, ताकि ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।
उन्होंने जिलेवासियों से इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और स्व-जनगणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने लोगों से अपने पड़ोसियों, रिश्तेदारों और मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि सही जनगणना आंकड़े प्रभावी योजना निर्माण और नीतियां निर्धारित करने का आधार होते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, परिवहन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की योजना बनाई जाती है तथा भविष्य के विकास संबंधी निर्णय लिए जाते हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि जनगणना के दौरान नागरिकों द्वारा उपलब्ध करवाई गई जानकारी निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News