
अमृतसर, 21 नवंबर: तरनतारन में शनिवार दोपहर लंगर की तैयारी कर रहे युवकों पर 10 हमलावरों ने 12 राउंड फायर कर दिए। वारदात में 19 वर्षीय युवक की पेट में गोली लगने से मौत हो गई। उधर, मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी सुरिंदर लांबा ने SHO परमजीत विरदी का ट्रांसफर कर लाइन हाजिर कर दिया।
युवक शनिवार रात होने वाले माता के जागरण के लिए दोपहर 2 बजे लंगर तैयार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर पहुंचे बदमाशों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई। गोली लगने से चार युवक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक युवक की जान चली गई।
वारदात के बाद मृतक और घायलों के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गुस्साए परिजनों ने मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया।अस्पताल के बाहर शव रखकर बैठे हैं। उनका आरोप है कि हमलावरों की ओर से पहले भी धमकियां दी जा रही थीं और इसको लेकर पुलिस में कई बार लिखित शिकायतें दी गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार माता नैना देवी सेवक सभा की ओर से शनिवार रात 26वां विशाल भगवती जागरण करवाया जाना था। इसके लिए सभा से जुड़े युवक लंगर की व्यवस्था में लगे हुए थे । शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे युवक लंगर का सामान लेकर मोहल्ला गुरु का खूह में महाराजा रणजीत सिंह पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे थे। वे तैयारी में जुटे थे, तभी वहां मोटरसाइकिलों पर हमलावर आ गए।
साथियों के साथ पहुंचा हमलावर, गोलियां बरसाईं
जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के बदमाश मोहित कुमार अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिलों पर पहुंचा था। उसके साथ हरप्रीत सिंह हैप्पी, लवप्रीत सिंह, विशाल गिल, रघु कुमार, विनय कुमार और कुछ अज्ञात लोग भी थे। इनमें से लगभग चार युवकों ने पिस्तौलों से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पेट में गोली लगने से सुखराज की मौत, तीन अस्पतालों में भर्ती
फायरिंग में मोहल्ला गुरु का खूह निवासी 19 वर्षीय सुखराज सिंह पेट में गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। वहीं राकेश कुमार काका, ऋषि कुमार और बॉबी कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। राकेश को गुरु नानक देव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, ऋषि और बॉबी को सिविल अस्पताल तरनतारण में दाखिल करवाया गया है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News