
अमृतसर,24 नवंबर: गुरु की वडाली हत्याकांड के 6 घंटे बाद पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो मुख्य शूटरों के पैरों में गोलियां लगीं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने मोके पर पहुंच कर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गुरु की वडाली इलाके में आज दिनदहाड़े फायरिंग हुई थी। इसमें सिमरनजीत नाम का युवक घायल हो गया था, जबकि पास में बैठकर अपना काम कर रही पड़ोसन दलबीर कौर को भी गोली लग गई थी। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दलबीर कौर की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस ने पीछा कर आरोपियों को घेरा, बदमाशों ने चलाईं 3 गोलियां
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि डीसीपी सिटी जस्करन तेजा के नेतृत्व में एसीपी वेस्ट और थाना छेहरटा के एसएचओ बलविंदर सिंह की टीम ने जांच शुरू की । ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को आरोपियों के कोट खालसा इलाके में होने का पता चला। पुलिस ने जानकारी के आधार पर उनका पीछा किया। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने तीन राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने पांच राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी।आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी हरमनप्रीत और जगरूप के रूप में हुई है।पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है।
विदेश में बैठे गैंगस्टर अंकुश बामण के संपर्क में थे दोनों शूटर
पुलिस कमिश्नर के अनुसार जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर अंकुश बामण के संपर्क में थे। अंकुश बामण और केशव शिवाला ने उन्हें बटाला के एक सरपंच या उसके निजी सुरक्षाकर्मी की हत्या करने के लिए 20 हजार रुपए की सुपारी दी थी। हालांकि, गुरु की वडाली में हुई हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई।शूटर हरमनप्रीत का सिमरनजीत के साथ पहले पगड़ी उतारने को लेकर विवाद हुआ था।
वारदात वाले दिन दोनों आरोपी कहीं जा रहे थे, तभी रास्ते में सिमरनजीत मिल गया। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उस पर गोली चला दी। गोली सिमरनजीत की छाती से टकराकर पास बैठी दलबीर कौर को जा लगी। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News