
अमृतसर,9 फरवरी: पंजाब के डीजीपी गौरव यादव द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने गैंगस्टर ते वार के तहत एक इंटेलिजेंस-आधारित ऑपरेशन मे सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। इस मॉड्यूल में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन से छह अत्याधुनिक पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस, 115 ग्राम हेरोइन और 11.90 लाख ड्रग मनी बरामद की।
डीजीपी के मुताबिक शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी सीमा पार तस्करी नेटवर्क से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और अवैध हथियारों और ड्रग्स की तस्करी में शामिल हैं।
इस संबंध में आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट के तहत पुलिस स्टेशन कैंटोनमेंट अमृतसर में एक FIR दर्ज की गई है। आगे और पीछे के कनेक्शन की जांच की जा रही है।

डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध को खत्म करने, नार्को-टेरर नेटवर्क को तोड़ने और ड्रग्स फ्री पंजाब सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ मन्नू (24), गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (20), सुखराज सिंह उर्फ जोगा (24) और साजन सिंह उर्फ गुरसाजन सिंह उर्फ लड्डा – सभी निवासी गांव रोड़ा वाला कलां (अमृतसर) तथा अमृतसर के गांव रणीके के निवासी मोलकदीप सिंह (23) के रूप में हुई है। बरामद किए गए पिस्तौलों में ऑस्ट्रिया निर्मित दो 9 एम.एम. ग्लॉक, तुर्की निर्मित एक जिगाना, दो .32 बोर और एक .30 बोर पिस्तौल सहित 10 जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस टीमों ने आरोपियों की हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग वे तस्करी के लिए करते थे।
पुलिस आयुक्त (सी.पी.) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कार्रवाई के संबंध में विवरण साझा करते हुए कहा कि सीमा पार तस्करी संबंधों की पुख्ता एवं गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने सिमरनजीत उर्फ मन्नू, मोलकदीप सिंह, गुरप्रीत उर्फ गोपी, सुखराज उर्फ जोगा और साजन उर्फ गुरसाजन उर्फ लड्डा को एक कार सहित गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से दो .32 बोर पिस्तौल बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि आगे की पूछताछ के बाद हुई बरामदगी के दौरान चार अन्य पिस्तौल, 115 ग्राम हेरोइन और 11.90 लाख रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई, जो संगठित अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की गतिविधियों में उनकी संलिप्तता की पुष्टि करती है।
सी.पी. ने कहा कि जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सिमरनजीत उर्फ मन्नू, मोलकदीप सिंह और गुरप्रीत सिंह आदतन अपराधी है और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामलों में शामिल रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जांच से यह भी पता लगा है कि आरोपी सिमरनजीत उर्फ मन्नू दुबई में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है। पुलिस टीमें इस नेटवर्क के वित्तीय ट्रेल और हवाला लिंक की भी जांच कर रही हैं।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News