
अमृतसर,30 मई : पंजाब पुलिस की तकनीक आधारित और आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अमृतसर में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। डीजीपी गौरव यादव ने अमृतसर दौरे के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठक की और अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा तथा पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों में उभरते अपराध रुझानों, नशा तस्करी, संगठित अपराध, यातायात प्रबंधन और आम लोगों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को अपराध रोकथाम के लिए सक्रिय और प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोगों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
मोकमपुरा थाने को मिली नई बिल्डिंग

दौरे के दौरान पुलिस महानिदेशक ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत तैयार किए गए मोहकमपुरा थाना भवन का भी उद्घाटन किया। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह थाना पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अधिकारियों के अनुसार नए थाना भवन से क्षेत्र में
पुलिस की कार्यक्षमता और जनसंपर्क दोनों मजबूत होंगे।
ई-चालान प्रणाली का भी हुआ शुभारंभ

इसके अलावा डीजीपी गौरव यादव ने अमृतसर पुलिस आयुक्तालय में ई-चालान प्रणाली का भी शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था के लागू होने के साथ अमृतसर राज्य का चौथा शहर बन गया है, जहां स्वचालित ई-चालान प्रणाली शुरू की गई है। इससे पहले यह सुविधा एसएएस नगर, जालंधर और लुधियाना में लागू की जा चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ई-चालान प्रणाली से यातायात नियमों के उल्लंघन पर पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।तकनीक आधारित इस प्रणाली से चालान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने के साथ मानव हस्तक्षेप भी कम होगा।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News