Breaking News

श्री दरबार साहिब के आसपास के क्षेत्रों में रोजाना सफाई के साथ-साथ नियमित रूप से उठाया जा रहा है कूड़ा

अमृतसर, 7 सितंबर(राजन): पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत पवित्र शहर अमृतसर में सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विशेष रूप से श्री दरबार साहिब के आसपास के क्षेत्रों में रोजाना सफाई के साथ-साथ कूड़ा भी नियमित रूप से उठाया जा रहा है, ताकि इन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।

श्री दरबार साहिब के आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा कई-कई दिनों तक न उठाए जाने संबंधी प्रकाशित समाचार का संज्ञान लेते हुए नगर निगम कमिश्नर  बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित क्षेत्र में कूड़ा उठाने का कार्य नगर निगम के अधिकृत वेंडर थ्री आर मैनेजमेंट द्वारा रोजाना किया जा रहा है।

कमिश्नर ने बताया कि विभिन्न गलियों के निवासियों से प्राप्त फीडबैक के दौरान भी कूड़ा रोजाना उठाए जाने की पुष्टि हुई है। इस संबंध में CSO इंचार्ज  जे.पी. बब्बर द्वारा गली ऊंटां, गली पिपलांवाली, गली शिव, गली सोढ़ियां और गली निशानची सहित संबंधित पांचों गलियों का स्वयं दौरा कर निवासियों से फीडबैक लिया गया। इसके अलावा MOH  योगेश अरोड़ा द्वारा भी गली पिपलांवाली का दौरा किया गया।

उन्होंने कहा कि प्राप्त फीडबैक के अनुसार इन क्षेत्रों में सफाई और कूड़ा उठाने का कार्य सामान्य तौर पर रोजाना और संतोषजनक ढंग से किया जा रहा है। हालांकि, गली पिपलांवाली में प्राप्त फीडबैक कुछ हद तक मिश्रित रहा, जिसे नगर निगम द्वारा गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

नगर निगम कमिश्नर  बिक्रमजीत सिंह शेरगिल सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए।

कमिश्नर द्वारा स्वयं भी बिना पूर्व सूचना के इन क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति की जांच की गई। गली ऊंटां और गली निशानची के निवासियों ने कूड़ा उठाने की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

नगर निगम कमिश्नर  बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने कहा कि फील्ड जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि क्षेत्र में कूड़ा उठाने का कार्य नगर निगम द्वारा अपने अधिकृत वेंडर के माध्यम से रोजाना ऑटो टिपरों से किया जा रहा है। तंग गलियों वाले क्षेत्रों में घर-घर से कूड़ा एकत्रित करने के लिए मुख्य रूप से रिक्शों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस वार्ड में दिन की शिफ्ट के दौरान 3 ऑटो टिपर, 1 चौदह फुट टिपर और 9 रिक्शे, जबकि रात की शिफ्ट में 2 ऑटो टिपर और 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही है। दोनों शिफ्टों में कुल 40 सफाई सेवक तैनात हैं।

नगर निगम अधिकारियों ने यह भी बताया कि संबंधित क्षेत्र की दिन और रात की जियो-टैग्ड सफाई तस्वीरें तथा 1 से 7 सितंबर तक की स्टाफ हाजिरी रिपोर्ट भी उपलब्ध है, जो क्षेत्र में किए जा रहे सफाई कार्यों और तैनात स्टाफ की पुष्टि करती है।

नगर निगम कमिश्नर  बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने कहा कि श्री दरबार साहिब के आसपास का क्षेत्र नगर निगम के लिए विशेष महत्व रखता है और यहां सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था संबंधी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जांच की जाती है। यदि किसी स्थान पर कूड़ा उठाने में कोई कमी पाई जाती है तो उसे तुरंत दूर करने के लिए संबंधित स्टाफ और वेंडर को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

एमटीपी विभाग ने पांच अवैध बिल्डिंगों पर की कार्रवाई : निर्माण को तोड़ा और किया सील

अमृतसर, 2 सितंबर (राजन): नगर निगम के एमटीपी विभाग ने पांच अवैध बिल्डिंगों पर कार्रवाई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *