
अमृतसर, 7 अक्टूबर (राजन): अमृतसर से आम आदमी पार्टी के विधायकों और नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस समेत अन्य स्थानों पर सीबीआई द्वारा की गई छापेमारी को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। आप विधायकों और नेताओं द्वारा बीजेपी राज्यसभा सांसद तरुण चुग की हाथी गेट स्थित घर के बाहर रोष प्रदर्शन किया गया।

इस रोष प्रदर्शन में कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई टी ओ, विधायक डॉ अजय गुप्ता, विधायक डॉ इंद्रबीर निज्जर, विधायक जीवनजोत कौर, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अमृतसर के चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू, आम आदमी पार्टी के पार्षद, नेताओं और वॉलिंटियर्स ने भाग लिया। आम आदमी पार्टी के कैबिनेट मंत्री और विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब के कैंप ऑफिस और अन्य जगहों पर सीबीआई द्वारा छापेम्मारी करना स्पष्ट करता है कि ईडी-सीबीआई अब स्वतंत्र एजेंसी नहीं, बल्कि भाजपा के इशारों पर कटपुतलियां बनकर रह चुकी हैं।

इस रोष प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए विधायक डॉ अजय गुप्ता, पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के विधायकों ने आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में जब भी किसी राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक आते हैं।वहां विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो जाती है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई राज्यों में चुनावों से पहले इसी तरह का माहौल देखने को मिला है और अब पंजाब में भी यही स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं और इसी के चलते भाजपा की ओर से ईडी और सीबीआई के माध्यम से अपनी चुनावी मुहिम शुरू करने की कोशिश की जा रही है।

विधायक डॉ अजय गुप्ता ने कहा कि ऐसी कार्रवाइयों के जरिए आम आदमी पार्टी या पंजाब सरकार को डराया नहीं जा सकता। पंजाब की जनता भाजपा को आने वाले विधानसभा चुनाव में जवाब दे देगी।उन्होंने आप नेता अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ईडी की कार्रवाई का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी जांच एजेंसी की कार्रवाई के बावजूद कुछ सामने नहीं आया। ऐसे ही पंजाब में भी सीबीआई की कार्रवाई से भी कुछ हासिल नहीं होने वाला।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News