
अमृतसर, 24 दिसंबर : नगर निगम अमृतसर के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों में सरगर्मियां तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी की पंजाब में सत्ता होने के कारण पार्टी हर पैंतरा अपना रही है। जैसे पार्टी ने जालंधर,लुधियाना में दूसरी पार्टियों के चुने हुए पार्षद आम आदमी पार्टी में ज्वाइन करवा रहे हैं। उसी तरह से अमृतसर में भी आने वाले दिनों में ऐसा होने जा रहा है।आम आदमी पार्टी ने अब कानूनी विशेषज्ञों से राय लेनी शुरू कर दी है। कानून के माहिर बताते हैं कि जिस भी विधानसभा क्षेत्र का कुछ क्षेत्र नगर निगम की हदूद में पड़ता हो यानी जिस क्षेत्र में नगर निगम विकास कार्य करवाती हो, उस विधानसभा क्षेत्र का विधायक भी नगर निगम हाउस का सदस्य बन जाता है। इस तरह से नगर निगम चुनाव में सबसे अधिक 40 वार्ड में उम्मीदवार जीतने वाली कांग्रेस पार्टी की और मुश्किलें बढ़ रही है। नगर निगम अमृतसर की हदूद के साथ विधानसभा क्षेत्र अटारी और जंडियाला में नगर निगम की वार्डो के बूथ पड़ते हैं। नगर निगम द्वारा अटारी और जंडियाला विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य करवाए जाते हैं। अटारी और जंडियाला विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के विधायक है।इस तरह से नगर निगम के हाउस में 85 पार्षद और 7 विधायक होने से कुल सदस्यों की संख्या 92 बन जाती है। अब सर्वसम्मति से मेयर चुनने के लिए 47 सदस्यों की जरूरत है। कांग्रेस पार्टी को तो मेयर बनाने के लिए 47 सदस्यों की जरूरत पड़ेगी। अगर सर्वसम्मति से चुनाव होता है तो आम आदमी पार्टी के पास 7 विधायक सदस्य तो पहले से मौजूद है और आप को 40 पार्षदों की ही आवश्यकता पड़ेगी। आप के 24 पार्षद चुने गए हैं। आप को दूसरी राजनीतिक पार्टियों और आजाद जीते हुए 16 पार्षद लाने होगे। जोड़ तोड़ का सिलसिला चल रहा है।
कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है
कांग्रेस पार्टी की बात करें तो कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है। कांग्रेस फिलहाल दो गुटों में बटी हुई है। हो सकता है आने वाले दिनों में तीन गुटों में बट जाए। गत दिवस कांग्रेस भवन में बुलाई गई बैठक में पूर्व डिप्टी सीएम ओमप्रकाश सोनी, पूर्व विधायक इंद्रवीर सिंह बुलारिया, पूर्व सांसद जसवीर सिंह डिंपा, जिला कांग्रेस शहरी के प्रधान अश्विनी कुमार पप्पू और चुने के लगभग 20 पार्षद शामिल हुए।कांग्रेस केजो पूर्व विधायक और नवनियुक्त पार्षद शामिल नहीं हुए, मीडिया को कुछ कहते रहे कि उनको सूचना नहीं थी या वह शहर से बाहर थे। किंतु आज इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी के निवास स्थान पर , पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ राजकुमार वेरका, पूर्व विधायक सुनील दत्ती, पूर्व विधायक जुगल किशोर शर्मा, चार बार के पार्षद राजकमलप्रीत सिंह लक्की ,चुने गए भारी संख्या में कांग्रेस के पार्षद एकत्रित हुए। यह भी पता चला है सांसद गुरजीत सिंह औजला भी इस गुट के साथ खड़े हैं। पिछले दिनों मेयर चुनने के मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ राजकुमार वेरका पूर्व विधायक डॉ नवजोत कौर सिद्धू से भी मुलाकात कर चुके हैं। डॉ नवजोत कौर सिद्धू के करीबी भी कांग्रेस पार्टी के पार्षद चुने गए हैं। कांग्रेस 40 पार्षद चुने गए हैं। यह भी पता चला कि इनमें से कुछ पार्षद दूसरी पार्टी में पलटी मार सकते हैं। कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ अकाली दल और भाजपा में भी ऐसा हो सकता है।यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
मेयर चुनने में अभी लग सकता है समय
किसी भी राजनीतिक पार्टी के पास बहुमत न होने के कारण अब नगर निगम अमृतसर का मेयर चुनने में समय लग सकता है। नगर निगम चुनाव की आज चुनाव आचार संहिता समाप्त हो गई है। यानी 24 जनवरी तक डिवीजनल कमिश्नर जालंधर रेंज निगम कमिश्नर को चुने हुए पार्षदों की हाउस मीटिंग बुलाने के लिए तारीख जारी कर सकता है। डिविजनल कमिश्नर जालंधर रेंज द्वारा जो तारीख जारी की जाएगी, उस तारीख से 72 घंटे पहले नगर निगम कमिश्नर अमृतसर को नोटिस जारी करना होगा। अगर दूसरी पार्टियों और आजाद उम्मीदवारो से कांग्रेस या आम आदमी पार्टी समर्थन हासिल करने के लिए 47 या इससे अधिक सदस्य हासिल कर ले तो मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव सर्वसम्मति से या पार्षदों के हाथ खड़े करवा कर होगा।
बहुमत न होने पर बैलेट पेपर से होगा चुनाव
अगर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी 47 सदस्यों का आंकड़ा ना छू पाई।तब 24 जनवरी 2025 से पहले चुने हुए पार्षदों की हाउस मीटिंग बुलाकर सभी पार्षदों को शपथ ग्रहण करवाई जाएगी। इसके बाद ही तीनों मेयर चुनने के लिए अगली तारीख निर्धारित की जाएगी। उस तारीख को नगर निगम हाउस की मीटिंग में तीनों मेयर चुने जाने का चुनाव बैलेट पेपर से होगा। बैलेट पेपर की गिनती के अनुसार जिस उम्मीदवार को दूसरे उम्मीदवार से अधिक वोट पड़ेंगे वहीं मेयर चुना जाएगा।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें