
अमृतसर, 13 अक्तूबर(राजन): भारतीय जनता पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि पंजाब में बाढ़ के बाद जनता तक राहत पहुँचाने में भगवंत मान सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है। भाजपा जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में भाजपा जिला कार्यालय शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि हर वर्ष बरसात के मौसम से पहले राज्य सरकारों द्वारा इसके आंकलन हेतु बैठकें की जाती है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा उनकी सरकार ने इस संबंध में कोई बैठक नही की, जिसका खामियाजा पंजाब की जनता को भुगतना पड़ा। मनप्रीत सिंह बादल का भाजपा कार्यालय पहुँचने पर हरविंदर सिंह संधू ने अपने पदाधिकारियों के साथ पुष्पगुच्छ व दोशाला देकर स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ मंच पर सुखमिंदर सिंह पिंटू, डॉ. राम चावला, कुमार अमित, हरजिंदर सिंह ठेकेदार, जिला महासचिव सलिल कपूर, गुरप्रताप सिंह टिक्का, परमजीत बतरा, अजयबीर पाल सिंह रंधावा, राघव महाजन आदि उपस्थित थे।
एस.डी.आर.एफ के दिशा-निर्देशों को पूरी तरह अनदेखा किया

मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा उनकी सरकार ने मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बरसात की चेतावनी, पंजाब राज्य आपदा प्रबंधन योजना और एस.डी.आर.एफ के दिशा-निर्देशों को पूरी तरह अनदेखा किया। पुराने आंकड़ों और भौगोलिक सर्वेक्षणों के आधार पर बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान नहीं की। रावी, ब्यास, घग्गर और सतलुज जैसी नदियों के 133 उच्च-जोखिम वाले स्थानों की मुरम्मत नहीं की और उच्च जोखिम वाले इलाकों का नक्शा बनाकर सरकारी तन्त्र व संसाधनों को इन क्षेत्रों में तैनात नहीं किया। बड़े बांधों, हेडवर्क्स, नदी, नालों और बाढ़ नियंत्रण सरंचनाओं के रख-रखाव में आभाव तथा पंजाब सरकार की अनगहली के चलते राज्य में बाढ़ के हालात बने। रणजीत सागर डैम, भाखड़ा डैम, पौंग डैम आदि का प्रबंधन तथा रख-रखाव भाखड़ा-ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड का है, जिसे पंजाब तथा हिमाचल प्रदेश की सरकारे मिलकर देखती है। जबकि पंजाब सरकार अपनी नाकामी का ठीकरा मोदी सरकार पर मढ़ रही है।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें