एस.सी. वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये तथा अन्य वर्गों की महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे

अमृतसर, 9 जून : पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई “मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना” के तहत पात्र महिलाओं को शीघ्र ही मासिक वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति (एस.सी.) वर्ग से संबंधित 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह तथा अन्य वर्गों की पात्र महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर अमृतसर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि “मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना” का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र महिलाएं अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र या सेवा केंद्र में संपर्क कर अपना पंजीकरण करवा सकती हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड तथा बैंक खाते की पासबुक अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त एस.सी. वर्ग से संबंधित महिलाओं को अपना जाति प्रमाण पत्र भी साथ लाना होगा।
डिप्टी कमिश्नर ने जिले की सभी पात्र महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की देरी न करें और जल्द से जल्द अपना पंजीकरण करवाकर पंजाब सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ प्राप्त करें।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News