Breaking News

पंजाब सरकार द्वारा भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के पवित्र सरोवर की करवाई जाएगी सफाई :तीर्थ स्थल में 17.72 करोड़  की लागत से विभिन्न विकास कार्य जारी

अमृतसर, 9 जून : पंजाब सरकार द्वारा भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के पवित्र सरोवर की सफाई के लिए एक विशेष परियोजना शुरू की जा रही है, जिसके तहत सरोवर की सफाई का कार्य बहुत जल्द आरंभ होने जा रहा है।

इस संबंध में भगवान वाल्मीकि जी तीर्थ स्थल श्राइन बोर्ड की एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन  बाल जोगी प्रगट नाथ ने आज श्री वाल्मीकि तीर्थ स्थल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा पवित्र सरोवर की सफाई पर 3.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के तहत सरोवर से गाद निकालना, स्वच्छ रेत डालना तथा अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शीघ्र ही सफाई कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

बाल जोगी प्रगट नाथ ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के विकास हेतु 17 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्य पहले ही शुरू किए जा चुके हैं और ये कार्य तेजी से जारी हैं। उन्होंने कहा कि कुल स्वीकृत राशि में से 3.74 करोड़ रुपये पवित्र सरोवर की सफाई एवं पुनरुद्धार पर खर्च किए जाएंगे, जिसमें गाद निकालना, स्वच्छ रेत बिछाना तथा अन्य आवश्यक विकास कार्य शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त लगभग 2.80 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य मंदिर की पेंटिंग एवं पॉलिशिंग, मंदिर तक जाने वाले मार्ग के स्तंभों की मरम्मत तथा सैंडस्टोन पत्थरों की सिलिकॉन कटिंग का कार्य किया जाएगा। वहीं 2.42 करोड़ रुपये की लागत से संगत हॉल के पत्थरों की मरम्मत, लंगर हॉल, सराय तथा पैनोरमा स्थित हॉल की पेंटिंग का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि लगभग 1.74 करोड़ रुपये की लागत से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सराय में नया फर्नीचर, एयर कंडीशनर तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अलावा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एस.टी.पी.) की क्षमता बढ़ाने, सभी बाथरूमों की मरम्मत, नए ए.सी. और गीजर लगाने तथा फायर सेफ्टी सिस्टम को उन्नत करने सहित अन्य कार्यों पर 5 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है।

इसके बाद बाल जोगी प्रगट नाथ, सोनिया मान तथा अन्य नेताओं ने पवित्र सरोवर की सफाई शुरू होने से पहले उसके पावन जल को गागरियों में भरकर सुरक्षित रखा, ताकि सफाई कार्य पूरा होने के बाद इस जल को पुनः सरोवर में प्रवाहित किया जा सके।

इस अवसर पर सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल तथा दलित विकास बोर्ड के चेयरमैन विजय दानव ने भी भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया।

इस मौके पर जनरल मैनेजर मधुर भाटिया, पवन दराविंद, शशि गिल,  कुमार दर्शन, बाबा नछत्तर नाथ, महंत मनजीत गिर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और नेता उपस्थित थे।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

गुरुधामों के दर्शन के लिए पाकिस्तान जाएगा 541श्रद्धालुओं का जत्था : 10 जून को होगी रवानगी

फाइल फोटो। अमृतसर, 8 जून:पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी की शहीदी वर्षगांठ के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *