
अमृतसर, 14 जून : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पंजाब में मतदाता सूचियों को अद्यतन करने तथा उनकी शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि को दूर करना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला चुनाव अधिकारी-सह-उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह, ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार राज्य में प्री-एस.आई.आर. के तहत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य तेजी से जारी है।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला अमृतसर के कुल 19,73,071 मतदाताओं में से 17,51,918 मतदाताओं (88.79 प्रतिशत) की वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ सफलतापूर्वक मैपिंग की जा चुकी है। जिले के शेष 2,21,153 गैर-मैप्ड मतदाताओं को कवर करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि एस.आई.आर. के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक सभी बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) भी 24 जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) 3 अगस्त 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। मतदाता सूचियों से संबंधित दावे और आपत्तियां 3 अगस्त 2026 से 2 सितंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। दावों और आपत्तियों का निपटारा 3 अगस्त 2026 से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरांत अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
जिला चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता की मैपिंग प्री-एस.आई.आर. के दौरान नहीं भी हो पाई है, तो उसे घबराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसी स्थिति में चुनावी अमला संबंधित मतदाता से केवल दस्तावेजी सत्यापन की मांग करेगा।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से भी अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बी.एल.ए.) नियुक्त करें, ताकि यह पूरी प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो सके।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News