
अमृतसर, 30 जून:नगर निगम अमृतसर द्वारा आज शहर के व्यापारियों की नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान हेतु पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने की। बैठक में मेयर जतिंदर सिंह भाटिया, एडिशनल कमिश्नर डॉ. जय इंदर सिंह, पीएसटीसी के सदस्य राहिल खन्ना, संजीव कुमार, कपिल चड्ढा, शीतल जुनेजा सहित अन्य सदस्य, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष , अमृतसर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के अधिकारी तथा नगर निगम के सभी शाखा प्रमुख एवं एसडीओ स्तर तक के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विधानसभा क्षेत्रवार प्राप्त शिकायतों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, सड़कें, स्ट्रीट लाइटें, सीवरेज, अतिक्रमण, ठोस कचरा प्रबंधन तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याएं उठाईं।
नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने व्यापारियों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित विकास कार्यों की व्यक्तिगत निगरानी करें तथा सभी नागरिक समस्याओं का बिना किसी अनावश्यक देरी के समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
व्यापारियों को संबोधित करते हुए कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने शहर को स्वच्छ बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देने की अपील की। उन्होंने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने तथा नगर निगम के “कचरा मुक्त अमृतसर” अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News