
अमृतसर, 30 जून :पुलिस को नशे और हथियारों की तस्करी केखिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है। थाना सुल्तानविंड पुलिस ने सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और हेरोइन मंगवाने वाले एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर आलम विजय सिंह ने बताया कि 25 जून को थाना सुल्तानविंड की पुलिस गश्त पर थी, तभी बिना नंबर प्लेट की एक दोपहिया गाड़ी को शक के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान गुरसेवक सिंह और निरवैल सिंह से एक पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। इनमें से तीन कारतूस मैगजीन में और दो कारतूस निरवैल सिंह की जेब से मिले।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। इनके खिलाफ थाना छेहरटा में 30 अप्रैल 2026 को एक घर पर फायरिंग का मामला दर्ज है और दोनों उस केस में फरार चल रहे थे।
पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पाकिस्तान आधारित तस्करों के संपर्क में थे और ड्रोन के जरिए हथियार और नशीला पदार्थ मंगवाते थे। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए जशनप्रीत सिंह और गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदा को भी
गिरफ्तार किया। जशनप्रीत के खिलाफ पहले से ही दो किलो हेरोइन का मामला दर्ज है, जबकि गुरसेवक सिंह के खिलाफ भी कई आपराधिक केस चल रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से तीन बेरोजगार हैं, जबकि गुरविंदर सिंह एक अस्पताल में ठेके पर सुपरवाइजर के रूप में काम करता है। इस कार्रवाई में चार पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने कहा है कि सीमा पार से चल रही नशा और हथियार तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News