
अमृतसर, 13 जुलाई (राजन):अमृतसर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक जीवनजोत कौर ने आज 132 के.वी. जी.टी. रोड सब-स्टेशन, अमृतसर में मौजूदा 11 के.वी. ईस्ट मोहन नगर फीडर का बिफरकेशन कर तैयार किए गए 11 के.वी. गोकल का बाग फीडर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश के लोगों को निर्बाध, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण बिजली सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बिजली अवसंरचना को लगातार सुदृढ़ कर रही है।

विधायक जीवनजोत कौर ने बताया कि नए फीडर के शुरू होने से ईस्ट मोहन नगर, गोकल का बाग, सुदर्शन नगर, 100 फीट रोड तथा आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और अधिक सुदृढ़, निर्बाध एवं विश्वसनीय होगी। इससे मौजूदा फीडर पर पड़ने वाला लोड कम होगा, बिजली आपूर्ति में आने वाली बाधाओं में कमी आएगी तथा औद्योगिक उपभोक्ताओं के साथ-साथ घरेलू उपभोक्ताओं को भी बेहतर बिजली सेवा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के बिजली ढांचे को मजबूत बनाने के लिए लगातार निवेश कर रही है, ताकि उद्योगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सके और आम उपभोक्ताओं को भी बेहतर सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विकास कार्यों से क्षेत्र के औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा तथा उपभोक्ताओं को भी इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा।
इस अवसर पर पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पी.एस.पी.सी.एल.) के सिटी सर्कल, अमृतसर के उप मुख्य अभियंता इंजीनियर अजीत पाल सिंह मुल्तानी, औद्योगिक मंडल अमृतसर के एक्सईएन इंजीनियर एच.एस. सेखों, उप मंडल अधिकारी, सुल्तानविंड इंजीनियर रजवंत सिंह, क्षेत्र के उद्योगपति तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News