सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए हर तरह के प्रयास किए गए हैं : विधायक डॉ अजय गुप्ता

अमृतसर, 13 अगस्त(राजन): केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ अजय गुप्ता ने आज हाथी गेट से हल्के की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग मशीने, वाटर जेट्टिंग मशीने , शराबल मशीन और अन्य मशीनरी को हरी झंडी देकर रवाना किया। विधायक डॉ अजय गुप्ता ने कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर तरह के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि डोर टू डोर कूड़ा उठाने को लेकर मिनी टिप्पर की संख्या बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि अब ऑटोमेटिक मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन से शहर की बड़ी और छोटी सड़कों पर सफाई करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आज सभी मिशनरी को सड़कों पर उतार दिया गया है।

लोग सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम को सहयोग दें
विधायक डॉ गुप्ता ने लोगों से अपील की कि सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम को सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नगर निगम की गाड़ी आने पर ही कूड़ा दिया जाए। कूड़े को पॉलिथीन के लिफाफे में डालकर सड़कों और गलियों में ना फेंका जाए। उन्होंने कहा कि लंगर और छब्बील लगाने वाले सज्जन नगर निगम से संपर्क करके उस क्षेत्र में बड़े-बड़े कूड़ेदान भी अवश्य रखें। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने का पहले एक कंपनी द्वारा कार्य किया जा रहा था। अब नगर निगम द्वारा एक और कंपनी को ठेका अलाट कर दिया है। जिससे सफाई व्यवस्था बेहतर हो जाएगी।

शहर की वॉल्ड सिटी की सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान
इस अवसर पर नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर डॉ जय इंद्र सिंह ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा सभी उचित कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर की वॉल्ड सिटी की सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अवसर पर नगर निगम सहायक कमिश्नर विशाल वधावन, निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ किरण कुमार, डॉ सार्थक गुप्ता, केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के आम आदमी पार्टी के वार्ड इंचार्ज और भारी संख्या में आम आदमी पार्टी के वॉलिंटियर्स मौजूद थे।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News