
अमृतसर, 15 अगस्त (राजन) : देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस अमृतसर में पूरे उत्साह, जोश और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। गुरु नानक स्टेडियम, अमृतसर में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म पंजाब के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी, सुशासन एवं सूचना प्रौद्योगिकी, रोजगार सृजन एवं प्रशिक्षण, उद्योग एवं वाणिज्य तथा निवेश प्रोत्साहन मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने निभाई।

राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी के लिए चले विभिन्न आंदोलनों तथा शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, शहीद राजगुरु, शहीद सुखदेव, सरदार करतार सिंह सराभा, शहीद ऊधम सिंह, मदन लाल ढींगरा, लाला लाजपत राय, दीवान सिंह कालेपानी और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा समय-समय पर किए गए संघर्षों के कारण ही आज हम एक स्वतंत्र देश के नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि देश के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पंजाबियों ने सबसे अधिक कुर्बानियां दीं।

उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने पद की शपथ शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में ही ली थी तथा सरकारी कार्यालयों में शहीद भगत सिंह और संविधान निर्माता बाबा साहिब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लगाई गई हैं। सरकार के प्रयासों से मोहाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा गया और शहीद-ए-आजम की प्रतिमा भी स्थापित की गई है।

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने का वादा पूरा करते हुए हमारी सरकार ने अप्रैल 2022 से अब तक विभिन्न विभागों में 69 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं। रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा अप्रैल 2022 से 30 जून 2026 तक 7,225 रोजगार मेले लगाए गए, जिनके माध्यम से 4,03,794 उम्मीदवारों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया। वहीं स्वरोजगार शुरू करने के लिए 2,05,085 उम्मीदवारों के बैंक ऋण स्वीकृत करवाए गए। पंजाब कौशल विकास योजना के तहत 10,542 उम्मीदवारों को कुशल बनाया गया और 876 उम्मीदवारों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया। पंजाब कौशल विकास मिशन द्वारा चार वर्षों में 1,24,197 उम्मीदवारों को प्रशिक्षण दिया गया तथा 61,267 उम्मीदवारों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा “पंजाब शिक्षा क्रांति” के तहत शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए गए हैं। पंजाब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), उद्यमिता और नशा रोकथाम संबंधी पाठ्यक्रम को स्कूलों में लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना” शुरू की गई है, जिसके तहत 900 से अधिक सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके साथ पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां पात्र 65 लाख परिवारों को प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। जिला अमृतसर में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत 2,83,762 कार्ड बनाए जा चुके हैं। 24,257 लाभार्थियों ने अपना इलाज करवाया है, जिस पर 98 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक खर्च आया है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान परेड कमांडर एसीपी गगनदीप सिंह के नेतृत्व में पंजाब पुलिस, पंजाब महिला पुलिस, पंजाब होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स एवं गाइड्स, पंजाब पुलिस तथा स्कूली विद्यार्थियों की बैंड टीमों द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं पंजाबी संस्कृति को प्रदर्शित करता शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि अमन अरोड़ा द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों, वीर नारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा जरूरतमंदों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर और सिलाई मशीनें भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा को दरबार साहिब का मॉडल और स्मृति चिन्ह भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News