
अमृतसर, 2 सितंबर (राजन): केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ अजय गुप्ता ने डी ए वी स्कूल हाथी गेट में हल्के की महिला सखियों से मुलाकात की, जिन्होंने ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ को जमीनी स्तर पर सफलतापूर्वक लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस अवसर पर उन्होंने महिला सखियों को योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए उनके द्वारा किए जा रहे समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया।
विधायक डॉ अजय गुप्ता ने कहा कि ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ को लोगों तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को इसका लाभ दिलाने में महिला सखियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला सखियों की मेहनत, सहयोग और समर्पण के कारण बड़ी संख्या में माताओं एवं बेटियों तक योजना का लाभ पहुंचाने में सफलता मिली है।

विधायक डॉ गुप्ता ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक आसानी से पहुंच सके।
इस अवसर पर विधायक डॉ गुप्ता की ओर से केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र की महिला सखियों पर फूल बरसा कर सम्मानित किया गया और योजना को सफलतापूर्वक लागू करने में उनके द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई।इस मौके पर खुशी के माहौल में गिद्धा और भांगड़ा डाला गया और महिलाओं के प्रति सम्मान जताया गया।

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ मां-बेटियों का सम्मान करना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है और उनकी इज्जत के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के हल्का संगठन इंचार्ज हरप्रीत सिंह आहलूवालिया, अमृतसर वूमेन विंग इंचार्ज कामना आनंद, जिला वूमेन विंग इंचार्ज सुखबीर कौर, मोना महाजन, रितु महाजन तथा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न महिला ब्लॉक अध्यक्ष भी उपस्थित थीं।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News