Breaking News

अमृतसर में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के लिए फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न:40 फील्ड ट्रेनरों ने लिया प्रशिक्षण

फील्ड ट्रेनरों से मीटिंग करते हुए अधिकारी। 

अमृतसर, 27 सितंबर(राजन):जनगणना 2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या गणना) के लिए फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 24 से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित किया गया। इसका आयोजन जनगणना कार्य निदेशालय, पंजाब, चंडीगढ़ के अधीन अमृतसर के जनगणना अधिकारियों (PCO) द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक स्वदेश प्रताप सिंह शाक्य, मास्टर ट्रेनर  राजविंदर सिंह,  अमृतपाल सिंह तथा  चरणजीत सिंह ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस प्रशिक्षण में सरकारी कॉलेजों तथा विभिन्न स्कूलों के 40 शिक्षकों, लेक्चररों और प्रोफेसरों ने भाग लिया।

फील्ड ट्रेनरों से मीटिंग करते हुए अधिकारी। 

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये फील्ड ट्रेनर अमृतसर जिले में तैनात प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) को प्रशिक्षण देंगे। ये प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर लोगों से निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से जानकारी एकत्रित करेंगे और जनसंख्या गणना का कार्य संपन्न करेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को जनगणना के समय पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों तथा उन्हें सही तरीके से पूछने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, जनसंख्या गणना ऐप (PE App) के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। गणना ब्लॉक का नक्शा तैयार करने, संबंधित तकनीकी पहलुओं तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए।

16 नवंबर से शुरू होगा स्व-गणना का कार्य

इस अवसर पर सहायक निदेशक स्वदेश प्रताप सिंह शाक्य ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना 2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) का कार्य 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक करवाया जाएगा। इसके पश्चात वास्तविक जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर 2026 से आरंभ होगा।

उन्होंने बताया कि बेघर व्यक्तियों (Houseless Population) की गणना का कार्य 4 जनवरी 2027 से टीमों के सहयोग से शुरू किया जाएगा।

उन्होंने PE App के संचालन संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि ऐप सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक ऑनलाइन कार्य करने के लिए उपलब्ध रहेगी। रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रगणक ऐप के माध्यम से ऑनलाइन डाटा अपडेट नहीं कर सकेंगे।

ईमानदारी और सटीकता से निभाएं जिम्मेदारी

इस अवसर पर नगर निगम सहायक कमिश्नर विशाल वाधवान और सुपरीटेंडेंट लवलीन शर्मा भी उपस्थित रहे। उन्होंने फील्ड ट्रेनरों को संबोधित करते हुए जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी जिम्मेदारियां पूरी ईमानदारी, सटीकता और टीम भावना के साथ निभाने की अपील की।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 21 से 23 सितंबर 2026 तक भी फील्ड ट्रेनरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना 2027 के दूसरे चरण के दिशा-निर्देशों से संबंधित मॉड्यूल की मुद्रित प्रतियां तथा अन्य आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री की किट भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए चाय-नाश्ते और दोपहर के भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

जिले में खाद विक्रेताओं और थोक विक्रेताओं की औचक जांच:किसानों से खाद, कीटनाशक और बीज खरीदते समय पक्का बिल लेने की अपील

अमृतसर, 26 सितंबर(राजन):जिले में पिछले कुछ समय से खादों की उपलब्धता को लेकर किसानों को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *