समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम अधिकारियों को दिए निर्देश

अमृतसर, 27 सितंबर(राजन): डेयरी किसानों की समस्याओं को सुनने और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, विधायक डॉ. अजय गुप्ता और डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह और नगर निगम अधिकारियो ने डेयरी कॉम्प्लेक्स में डेयरी किसानों के साथ विशेष बैठक की। इस दौरान उन्होंने डेयरी किसानों की समस्याओं और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना तथा आश्वासन दिया कि इनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर विधायक डॉ अजय गुप्ता और विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि दूध उत्पादन एक पवित्र और महत्वपूर्ण व्यवसाय है, जिससे प्रत्येक नागरिक किसी न किसी रूप में जुड़ा हुआ है। डेयरी किसान समाज को दूध और दूध से बने पौष्टिक पदार्थ उपलब्ध करवाने के साथ-साथ अर्थव्यवस्था में भी अहम योगदान देते हैं।

उन्होंने कहा कि डेयरी किसानों को अपना व्यवसाय सुचारू रूप से चलाने के लिए अनुकूल माहौल मिलना चाहिए और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि डेयरी किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा उनकी जायज मांगों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि डेयरी किसानों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनसे संबंधित मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
उन्होंने डेयरी किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं और मांगों को पंजाब सरकार के ध्यान में लाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करना और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने भी डेयरी किसानों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल करके इनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान डेयरी किसानों ने कहा कि डेयरी कांप्लेक्स के जगह के रिजर्व रेट कम किए जाएं। इसके अलावा डेयरी कांप्लेक्स का विकास भी करवाया जाए। उन्होंने अपने व्यवसाय से संबंधित विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विचार-विमर्श किया। इस पहल से डेयरी किसानों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ तथा उन्हें अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के ध्यान में लाने का अवसर मिला।
बैठक में उपस्थित प्रमुख डेयरी किसानों में युगराज सिंह भुल्लर, गगनदीप सिंह रंधावा, नगेश चुग, विशाल अरोड़ा, मनीष चुग,हरप्रीत सिंह बबला कंबोज, परगट सिंह संधू, पृथीपाल सिंह बाठ, लाली प्रधान, शमशेर सिंह डी.सी., साहिब सिंह रंधावा,गुरप्रीत सिंह भोडा, लाली शाह, जगविंदर सिंह डॉ. बाऊ, अमरीक सिंह और गुरविंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News