Breaking News

गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों की मानसिक सेहत के लिए विशेष केंद्र शुरू:मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करना जरूरी

अमृतसर, 15 अक्टूबर(राजन):विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी मानसिक सेहत और भावनात्मक संतुलन भी जरूरी है। इसी सोच के साथ गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी ने विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और समग्र विकास को बढ़ावा देने के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र की शुरुआत की है। यूनिवर्सिटी के उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह ने एक विशेष समारोह में इस केंद्र का उद्घाटन किया। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (यूजीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्थापित यह केंद्र डीन विद्यार्थी कल्याण कार्यालय में मनोविज्ञान विभाग के सहयोग से संचालित होगा।

उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह की दूरदर्शी सोच और मार्गदर्शन में शुरू की गई यह पहल विद्यार्थियों को बेहतर और सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यूनिवर्सिटी का मानना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक हासिल करना या डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाना और जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करना भी है।

केंद्र के उद्घाटन अवसर पर उप-कुलपति ने डीन विद्यार्थी कल्याण प्रो. सतनाम सिंह देओल, मनोविज्ञान विभाग की प्रमुख डॉ. रूपन ढिल्लों और यूनिवर्सिटी परिसर के विद्यार्थियों को इस पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनकी भावनात्मक सेहत को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

पढ़ाई के दबाव में मानसिक सेहत की अनदेखी न करें विद्यार्थी

आज के समय में पढ़ाई का दबाव, करियर की चिंता, भविष्य को लेकर अनिश्चितता और निजी जीवन की समस्याएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य पर असर डाल सकती हैं। ऐसे में समय पर उचित मार्गदर्शन और सहयोग मिलना जरूरी है। यह केंद्र विद्यार्थियों को अपनी परेशानियों को समझने, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर बात करने और जरूरत पड़ने पर उचित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

केंद्र में विद्यार्थियों को कार्यदिवसों में दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। डीन विद्यार्थी कल्याण कार्यालय और मनोविज्ञान विभाग के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई यह सुविधा विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार संस्थागत सहयोग को मजबूत करेगी।

मानसिक समस्याओं पर बात करने में झिझक दूर करना भी उद्देश्य

इस केंद्र का एक प्रमुख उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर बातचीत को बढ़ावा देना और मनोवैज्ञानिक सहायता लेने को लेकर समाज में मौजूद झिझक तथा गलत धारणाओं को दूर करना है। यूनिवर्सिटी का संदेश है कि मानसिक परेशानी होने पर मदद लेना कमजोरी नहीं, बल्कि खुद को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उप-कुलपति प्रो. करमजीत सिंह और यूनिवर्सिटी प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए समर्पित केंद्र की स्थापना से विद्यार्थियों की शैक्षणिक और व्यक्तिगत जरूरतों को समझने तथा उन्हें उचित सहयोग देने में मदद मिलेगी।

” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें

https://chat.whatsapp.com/D2aYY6rRIcJI0zIJlCcgvG

About amritsar news

Check Also

अमृतसर में 27 अक्टूबर को अवकाश: सरकारी दफ्तर- बैंक और शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद

अमृतसर, 14 अक्टूबर:श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व पर अमृतसर जिले में 27 अक्टूबर, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *