
अमृतसर, 7 नवंबर:श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सम्मान से जुड़े पजाब सरकार के ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट 2026’ को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब की विशेषज्ञ कमेटी ने बड़ा फैसला लिया है। कमेटी ने पंजाब सरकार से कहा है कि इस एक्ट के अमल पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। इसके बाद ही सरकार के साथ आगे बातचीत की जाएगी। साथ ही सरकार को 29 जून 2026 को श्री अकाल तख्त साहिब से जारी आदेश के अनुसार अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी सौंपने को कहा गया है।
इस संबंध में श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से गठित कानूनी विशेषज्ञों और सिख विद्वानों की कमेटी की अहम बैठक शनिवार को श्री आनंदपुर साहिब में हुई। बैठक में श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज, रिटायर्ड जस्टिस रूपिंदर सिंह सोढ़ी, रिटायर्ड जस्टिस मोहिंदर मोहन सिंह बेदी, सीनियर एडवोकेट पूर्ण सिंह हुंदल, सिख विद्वान डॉ. केहर सिंह और प्रो. जगमोहन सिंह शामिल हुए।
दरअसल, 23 अक्टूबर 2026 को पंजाब सरकार की ओर से इस कानून को लेकर बनाई गई तालमेल कमेटी के नोडलअधिकारी ने श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय को पत्र लिखकर विशेषज्ञ कमेटी के साथ बातचीत करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद सचिवालय ने यह जानकारी कमेटी के कोऑर्डिनेटर को भेजी थी। इसी मामले पर शनिवार को बैठक बुलाई गई।
बैठक में विचार-विमर्श के बाद कमेटी ने स्पष्ट किया कि बातचीत आगे बढ़ाने से पहले सरकार संशोधन एक्ट के अमल पर पूरी तरह रोक लगाए और 29 जून के आदेशों के पालन की रिपोर्ट पेश करे। कमेटी सदस्यों ने कहा कि इससे पहले 7 अगस्त 2026 को भी प्रेस बयान जारी कर सरकार से आदेशों की पालन रिपोर्ट मांगी गई थी, लेकिन अब तक सरकार ने रिपोर्ट नहीं दी।कमेटी ने कहा कि जब तक श्री अकाल तख्त साहिब की इस कानून पर सहमति नहीं बनती, तब तक इसे लागू नहीं किया जाना चाहिए।
कमेटी ने यह भी कहा कि 8 मई को विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और 29 जून को पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्रियों व विधायकों को दिए गए आदेशों के बावजूद सरकार ने संशोधन एक्ट में श्री अकाल तख्त साहिब की भावनाओं के अनुसार कोई ठोस कदम नहीं उठाया। कमेटी के मुताबिक, सरकार की गंभीरता इसी बात से साबित होगी कि वह पहले कानून के अमल पर पूरी तरह रोक लगाए।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News