
अमृतसर, 16 नवंबर (राजन):पंजाब के अमृतसर जिले में आज जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर इन्यूमरेटरों, सुपरवाइजरों, फील्ड ट्रेनरों तथा मास्टर ट्रेनरों द्वारा लोगों को इस प्रक्रिया की जानकारी दी गई और स्व-गणना करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अमृतसर की प्रमुख हस्तियों ने भी अपने परिवारों सहित स्व-गणना करके इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। सांसद श्री गुरजीत सिंह औजला तथा डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने स्वयं स्व-गणना करते हुए जिले के लोगों से भी इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को जनगणना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए और सही जानकारी उपलब्ध करवाकर एक सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सही जनगणना बेहतर योजना निर्माण और देश के सर्वांगीण विकास का आधार है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को जनगणना-2027 का हिस्सा बनते हुए स्व-गणना अवश्य करनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला मास्टर ट्रेनर जनगणना-2027 राजविंदर सिंह, अमृतपाल सिंह, दीपक कुमार, डॉ. हरप्रीत एवं डॉ. पूर्णिमा द्वारा विशेष रूप से प्रमुख हस्तियों के निवास स्थानों पर पहुंचकर उन्हें स्व-गणना के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने स्व-गणना की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया तथा परिवार सहित उनकी स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करवाई।
इस दौरान लोगों को जनगणना के महत्व, इसकी प्रक्रिया तथा स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 के तहत पंजाब में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर परिवारों के सदस्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। बेघर व्यक्तियों की जनगणना का कार्य 4 जनवरी की शाम से शुरू किया जाएगा।
इसके पश्चात 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक रिवीजनल राउंड आयोजित किया जाएगा। इस दौरान एकत्रित किए गए आंकड़ों में यदि किसी प्रकार के सुधार की आवश्यकता होगी तो उसे भी ठीक किया जाएगा।
अंत में जिले के लोगों से अपील की गई कि देश के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर विकास योजनाओं के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी तथा सही जानकारी देना बेहद आवश्यक है। इसलिए सभी नागरिक समय पर अपनी स्व-गणना पूरी करके जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहयोग दें।
” अमृतसर न्यूज अपडेट्स ” की खबर व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें
Amritsar News Latest Amritsar News